पेंडोरा की दुनिया में लौटेगा रोमांच, इस दिन OTT पर रिलीज होगी जेम्स कैमरून की 'अवतार: फायर एंड ऐश'
पेंडोरा की दुनिया में एक बार फिर लौटने के लिए तैयार हो जाइए। मशहूर फिल्म मेकर जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' 24 जून, 2026 से जिओ सिनेमा और डिज्नी+ पर स्ट्रीम होने जा रही है।
ये इस मशहूर फ्रेंचाइजी का तीसरा हिस्सा है, जिसमें कहानी इस बार गहरे समुद्र को छोड़कर ज्वालामुखी वाले इलाकों में पहुंचेगी। फिल्म की कहानी जेक सुली और नेयतिरी के साथ आगे बढ़ेगी, जहां वे पेंडोरा की दुनिया और उसके मिथकों को और भी गहराई से समझेंगे।
2029 और 2031 तक आएंगी 'अवतार' की नई फिल्में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'अवतार' अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ट्रिलॉजी बन चुकी है। इसमें सैम वर्थिंगटन, जोई सल्डाना, सिगोर्नी वीवर और स्टीफन लैंग जैसे सितारे नजर आए हैं, वहीं ऊना चैपलिन 'वारंग' के किरदार में नई एंट्री कर रही हैं। यही नहीं, जेम्स कैमरून ने खुद ये पुष्टि की है कि फिल्म के 2 और सीक्वल पर काम चल रहा है, जो 2029 और 2031 में रिलीज हो सकते हैं। इनके जरिए दर्शकों को और भी बेहतरीन विजुअल इफेक्ट्स और पर्यावरण से जुड़े खास संदेश देखने को मिलेंगे।