Page Loader
MTV रोडीज 18: आशीष भाटिया और नंदिनी की जोड़ी बनी विजेता
आशीष-नंदिनी ने जीता MTV रोडीज 18

MTV रोडीज 18: आशीष भाटिया और नंदिनी की जोड़ी बनी विजेता

Jul 11, 2022
12:52 pm

क्या है खबर?

भारत के सबसे चर्चित एडवेंचर रिएलिटी शोज में से एक MTV रोडीज का 18वां सीजन रविवार को अपने मुकाम पर पहुंच गया और शो के विजेता की घोषणा कर दी गई। बॉलीवुड अभिनेता और समाज सेवी सोनू सूद इस शो को होस्ट कर रहे थे। इस सीजन से शो का फॉर्मेट बदला गया था और इसकी शूटिंग दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। शो के इतिहास में पहली बार विजेता की ट्रॉफी एक साथ दो लोगों को मिली है।

फिनाले

रोमांचक फिनाले के बाद आशीष और नंदिनी बने विजेता

कई हफ्तों की चुनौतियों और एलिमिनेशन के बाद आखिर MTV रोडीज का यह सफर खत्म हो गया और इसके विजेताओं की घोषणा कर दी गई। रोमांचक ग्रैंड फिनाले के बाद शो के प्रतिभागी आशीष भाटिया और नंदिनी विजेता बने। फिनाले में आशीष-नंदिनी की टक्कर युक्ति अरोड़ा-जसवंत बोपन्ना और केविन-मूसे जट्टाना से थी। तीनों जोड़ियां फिनाले में ट्रॉफी और 10 लाख रुपये के इनाम के लिए मुकाबला कर रही थीं। साथ ही विजेताओ को कई हैंपर्स भी मिले।

कौन हैं आशीष?

पहले इस रिएलिटी शो में भाग ले चुके हैं आशीष

शो जीतने के बाद आशीष ने कहा, "मुझे विश्वास नहीं होता मैंने शो जीत लिया है। हर कोई एक-दूसरे से बेहतर था। मेरे दिमाग में जीत की बात ही नहीं थी। मैं यहां रोडीज के सफर का आनंद लेने आया था।" आशीष डांसर, कोरियोग्रफर, रैपर और अभिनेता है। रोडीज से पहले आशीष ने MTV के शो 'स्प्लिट्सविला सीजन 12' से लोकप्रियता हासिल की थी। हालांकि, वह ये शो जीत नहीं सके थे।

कौन हैं नंदिनी?

फिटनेस कोच हैं नंदिनी

जीत के बाद नंदिनी ने कहा, "यह मेरा सपना था। मैंने इसे जीया है और जीता है।" 25 वर्षीय नंदिनी बेंगलुरु की रहने वाली हैं। वह फुटबॉलर, एथलीट और फिटनेस कोच हैं। MTV रोडीज के जरिए वह पहली बार पर्दे पर नजर आई हैं। रोडीज के सफर के दौरान ही नंदिनी और जसवंत बोपन्ना की नजदीकियों ने खूब सुर्खियां बटोरी। जसवंत भी शो में फिनाले तक पहुंचे और फर्स्ट रनर-अप रहे।

सुर्खियां

18 साल बाद शो से अलग हुए रणविजय

शो के इस सीजन ने तब सुर्खियां बटोरी थी जब रणविजय सिंह इससे अलग हो गए। इस फैसले ने दर्शकों को चौंका दिया था। रणविजय शो से करीब 18 साल से जुड़े थे। रणविजय के बाद नेहा धूपिया भी शो से बाहर हो गईं। इसके बाद निर्माता सोनू सूद को शो में लेकर आए। वहीं, इस सीजन में शो का फॉर्मैट भी बदला गया और प्रतिभागियों ने जोड़ियों में हिस्सा लिया। इन जोड़ियों को 'बडी पेयर' नाम दिया गया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

MTV रोडीज एक चर्चित युवा-केंद्रित एडवेंचर रिएलिटी शो है। शो की शुरुआत 2003 में हुई थी। आयुष्मान खुराना, आशुतोष कौशिक, प्रिंस नरुला जैसे सितारे इस शो के विजेता रह चुके हैं।