गायिका आशा भोसले के जन्मदिन पर आएगा उनका आखिरी गाना, इस दिन होगा रिलीज
क्या है खबर?
दिवंगत दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के जन्मदिन पर उनके चाहने वालों को तोहफा मिलेगा। खबर है कि पार्श्व गायिका के रूप में रिकॉर्ड किया गया उनका आखिरी गाना 'ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपा है कहां' इस खास अवसर पर (8 सितंबर, 2026) रिलीज होगा। यह गाना आगामी फिल्म 'ओम का हरि' में शामिल है, जिसमें अंशुमन झा मुख्य किरदार में मौजूद हैं। दिवंगत गायिका की आवाज में यह गाना फिल्म के सबसे भावुक और महत्वपूर्ण हिस्से को दर्शाता है।
प्रतिक्रिया
अभिनेता ने गाने का महत्व बताते हुए जताया आभार
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अंशुमन ने कहा, "ओम का हरि मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि इसका मूल भाव पिता से 'आई लव यू' कहने के महत्व को दर्शाता है, जो मुझे कभी कहने का मौका नहीं मिला। आशा जी की आवाज में इस गाने का होना, एक कलाकार के रूप में मेरे जीवन के सबसे गहरे और यादगार पलों में से एक है। उनके साथ स्टूडियो में रहना बेहद आनंददायक और सुखद था।"
उम्मीद
आशा ताई ने 2023 में गाने को किया था रिकॉर्ड
अभिनेता ने गायिका को याद करते हुए कहा, "काश वह हमारे साथ इस पल का जश्न मनाने के लिए यहां होतीं। लेकिन मैं जानता हूं कि वह हमेशा हमारे साथ हैं। आत्मा के रूप में, अपने संगीत में, और हर उस जीवन में जिसे उनकी आवाज छूती रहती है।"
हरीश व्यास द्वारा निर्देशित 'ओम का हरि' एक कॉमेडी-ड्रामा है, जो पिता-पुत्र के रिश्ते पर आधारित है।
फिल्म के लिए आशा ताई ने 2023 में इस गाने को रिकॉर्ड किया था।