LOADING...
आशा भोसले पंचतत्व में हुईं विलीन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई आखिरी विदाई
आशा भोसले को नम आंखों से दी गई विदाई

आशा भोसले पंचतत्व में हुईं विलीन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई आखिरी विदाई

Apr 13, 2026
05:44 pm

क्या है खबर?

सुरों की मल्लिका कही जाने वालीं दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। 13 अप्रैल की शाम मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर परिवार की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार हुआ। बेटे आनंद भाेसले ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण में मनोरंजन जगत से कई सितारे भी गायिका को अंतिम विदाई देने पहुंचे। बता दें, 92 वर्षीय आशा ताई ने 12 अप्रैल को मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली थी।

सम्मान

राजकीय सम्मान के साथ किया गया विदा

आशा भोसले को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उनके बेटे आनंद भाेसले और पोती जनाई भोसले समेत वहां मौजूद सभी लोग भावुक नजर आए। जाहिर है कि आशा ताई के जाने से भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया। देश ने अपनी सुरीली 'आशा' को हमेशा के लिए खो दिया। हालांकि, उनके द्वारा गाए गए सदाबहार हमेशा के लिए फैंस के दिलों में उनकी यादों और मौजूदगी को बनाए रखेंगे।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए आशा भोसले को दिया गया राजकीय सम्मान

Advertisement

श्रद्धांजलि

इन सितारों ने गायिका को दी भावुक श्रद्धांजलि 

इससे पहले गायिका का पार्थिव शरीर उनके लोअर परेल स्थित आवास 'कासा ग्रांडे' में रखा गया था, जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए कई फिल्मी सितारे और हस्तियां पहुंची। दिग्गज गायिका अनुराधा पौडवाल भी अपनी उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंची और बेहद भावुक दिखीं। उनके अलावा, एआर रहमान, जैकी श्रॉफ, रितेश देशमुख, तब्बू, सचिन तेंदुलकर, लेजली लेविस, हेलन, राकेश रोशन, आशा पारेख और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी अपने परिवार के साथ पहुंचे थे।

Advertisement

निधन

इस वजह से आशा भाेसले का हुआ निधन

92 वर्षीय आशा भोसले को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद 11 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगले दिन उन्होंने इलाज के दौरान अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली। इस दुखद खबर की पुष्टि डॉक्टर डॉ. प्रतीत समदानी और गायिका के बेटे आनंद भोसले ने मीडिया से की। न्यूज 18 के मुताबिक, गायिका का निधन मल्टी-ऑर्गन फेल्योर (एक साथ कई अंगों का काम बंद कर देना) के कारण हुआ था।

Advertisement