Page Loader
प्रतीक बब्बर ही नहीं, इन सितारों ने भी अपनी शादी के लिए चुना वैलेंटाइन का दिन
प्रतीक बब्बर से पहले इन सितारों ने वैलेंटाइन डे पर की शादी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@/_prat/)

प्रतीक बब्बर ही नहीं, इन सितारों ने भी अपनी शादी के लिए चुना वैलेंटाइन का दिन

Feb 15, 2025
12:54 pm

क्या है खबर?

राज बब्बर और दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक बब्बर ने वैलेंटाइन डे पर अपनी मंगेतर प्रिया बनर्जी से शादी रचा ली है। उनकी शादी मुंबई के बांद्रा में हुई, जिसमें उनके करीबी दोस्त शामिल थे। प्रतीक ने अपने प्रशंसकों के साथ इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीरें साझा की हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। हालांकि, प्रतीक से पहले भी कई सितारे वैलेंटाइन डे पर शादी के बंधन में बंध चुके हैं।

#1

संजय दत्त-रिया पिल्लई

मशहूर अभिनेता संजय दत्त का नाम इस सूची में शुमार है। संजू बाबा ने 3 शादियां की हैं। उनकी पहली शादी रिया पिल्लई से हुई थी। संजय और रिया ने साल 1998 में वेलेंटाइन डे के दिन मुंबई के एक मंदिर में शादी की थी। हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा चल नहीं पाया और वे अलग हो गए। संजय ने तीसरी शादी मान्यता से की थी और उनके साथ भी उन्होंने वैलेंटाइन वीक पर ही सात फेरे लिए थे।

#2

अरशद वारसी- मारिया गोरेट्टी 

अभिनेता अरशद वारसी ने भी मारिया गोरेट्टी के साथ 14 फरवरी, 1999 में शादी की थी। दोनों ने एक-दूसरे को लगभग 8 साल तक डेट किया था। उनकी मुलाकात एक कॉलेज डांस फेस्टिवल के दौरान हुई थी, जिसमें अरशद बतौर जज और मारिया बतौर प्रतियोगी शामिल थीं। दोनों ने पहले निकाह किया और फिर ईसाई रीति-रिवाजों से शादी रचाई थी। पिछले साल दोनों ने कोर्ट में अपनी शादी रजिस्टर करवाई थी।

#3

मंदिरा बेदी-राज कौशल

जानी-मानी अभिनेत्री मंदिरा बेदी अपने पति राज कौशल के साथ 14 फरवरी 1999 में शादी के बंधन में बंधी थीं। हालांकि, साल 2021 में हार्ट अटैक से राज का निधन हो गया था। बीते दिन वैलेंटाइन डे पर मंदिरा ने राज के साथ अपनी शादी की एक पुरानी तस्वीर साझा कर लिखा था, 'आज हमारी शादी काे 26 साल पूरे हो गए होते। मिस यू राजी। हैप्पी वैलेंटाइन डे।' बता दें कि राज पेशे से निर्देशक थे।

#4

राम कपूर-गौतमी

राम कपूर और गौतमी कपूर की लव स्टोरी काफी फिल्मी है। दोनों शो घर एक मंदिर के सेट पर मिले थे। ये शो उस वक्त काफी लोकप्रिय हुआ था। शो में गौतमी ने राम की भाभी का किरदार निभाया था। राम और गौतमी ने प्यार के दिन वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी 2003 में शादी की थी। शुरुआत में दोनों के परिवावाले उनके रिश्ते के खिलाफ थे। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने घरवालों को मना लिया था।

जानकारी

नताशा स्टेनकोविक और हार्दिक पांड्या 

नताशा स्टेनकोविक और हार्दिक पांड्या ने 14 परवरी 2023 में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी। हालांकि, अब दोनों अलग हो चुके हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने 7 फरवरी को वैलेंटाइन वीक पर अपने रिश्ते को शादी का नाम दिया था।