अर्जुन कपूर पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट, इस मामले में जल्द आएगा बड़ा फैसला
क्या है खबर?
फिल्मी सितारे लगातार अपने व्यक्तित्व के अधिकारों के लिए अदालत की चौखट पर पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में अर्जुन कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया और अपनी 'पहचान' पर मुहर लगाने की अपील की। अभिनेता की याचिका पर कोर्ट जल्द आदेश पारित करेगा, जिसके जरिए विभिन्न संस्थाओं को उनकी सहमति के बिना उनके नाम, छवि और पहचान का इस्तेमाल करने से रोका जाएगा। इससे पहले अल्लू अर्जुन ने अपने अधिकारों के लिए कोर्ट का रुख किया था।
सुनवाई
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान की ये टिप्पणी
लाइव लॉ के मुताबिक, अभिनेता के वकील प्रवीण आनंद ने कोर्ट को बताया कि कपूर की अनुमति के बिना कुछ प्रतिवादी उनकी डीपफेक और अश्लील तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसपर जस्टिस तुषार राव गेडेला ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों से संबंधित सभी सामग्री प्रतिबंधित नहीं हो सकतीं, जब तक कि वह अपमानजनक न हो। कोर्ट ने कहा, "जब कोई व्यक्ति सार्वजनिक सुर्खियों में होता है, तो बहुत कुछ होता है। हर चीज इसके दायरे में नहीं आ सकती।"
याचिका
अर्जुन कपूर ने दायर की याचिका
कोर्ट की टिप्पणी पर आनंद ने कहा कि यह सामग्री हास्य या व्यंग्य नहीं है, बल्कि AI द्वारा निर्मित है। उन्होंने बताया कि एक तस्वीर में अभिनेता की छवि को जानवर के साथ मॉर्फ किया है। दूसरी में, उन्हें गोलगप्पे बेचते दिखाया गया है। अभिनेता की तरफ से दायर याचिका में चेहरे की बनावट में बदलाव, कृत्रिम आवाज के मॉडल के इस्तेमाल की तरफ भी इशारा किया गया। दलील सुनने के बाद कोर्ट अंतरिम राहत पर विस्तृत आदेश पारित करेगा।