'बिग बॉस 20': कौन हैं अरिश्फा खान? करोड़ों में हैं फॉलोअर्स
क्या है खबर?
सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में सोशल मीडिया स्टार अरिश्फा खान ने हिस्सा लिया है। वह शो की सबसे कम उम्र की प्रतियोगियों में शामिल हैं। अरिश्फा को इंडस्ट्री में काम करते हुए एक दशक से ज्यादा समय हो चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल होने से पहले ही वह बतौर बाल कलाकार कैमरे का सामना कर चुकी हैं। ऐसे में आइए जानते हैं अरिश्फा कौन हैं और उनका अब तक का सफर कैसा रहा है।
परिचय
कौन हैं अरिश्फा?
अरिश्फा 23 साल की हैं और उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने बेहद कम उम्र में टेलीविजन की दुनिया में कदम रख दिया था। साल 2012 में उन्होंने 'छल-शह और मात' से अभिनय की शुरुआत की थी।
इसके बाद 'एक वीर की अरदास... वीरा' में छोटी गुंजन का किरदार निभाकर उन्हें घर-घर में पहचान मिली। अपनी मासूम अदाकारी से अरिश्फा ने टीवी दर्शकों के बीच खास जगह बनाई।
करियर
इन टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं अरिश्फा
अरिश्फा 'जीनी और जूजू', 'उतरन', 'ये है मोहब्बतें', 'गंगा', 'मेरी दुर्गा' और 'पापा बाय चांस' जैसे कई टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं। वह 'क्राइम पेट्रोल' के कुछ एपिसोड और कई विज्ञापनों का भी हिस्सा रही हैं।
टीवी से पहचान बनाने के बाद सोशल मीडिया ने उनकी लोकप्रियता को नई उड़ान दी। टिक-टॉक के दौर में मशहूर होने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई।
फैन फॉलोइंग
सोशल मीडिया पर इस वजह से चर्चा में रहती हैं अरिश्फा
अरिश्फा के इंस्टाग्राम पर 2.9 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके कंटेंट में फैशन, ब्यूटी, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट से जुड़ी झलक देखने को मिलती है। टीवी के साथ सोशल मीडिया ने उनकी फैन फॉलोइंग को काफी बढ़ाया है।
वह 'यारा 2' और 'तेरी बातें मुलाकातें' जैसे म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। टेलीविजन अनुभव और डिजिटल लोकप्रियता का यह मेल उन्हें बाकी प्रतियोगियों से अलग पहचान देता है।