गायक अरिजीत सिंह बनाएंगे फिल्म, नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी पर लगाएंगे दांव
क्या है खबर?
अरिजीत सिंह ने जब प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास का ऐलान किया था, उस वक्त चर्चा हुई थी कि गायक किसी परियोजना के कारण इस कदम को उठा रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि गायक एक फिल्म के जरिए निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखने वाले हैं। अब उनकी इसी परियोजना से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आ रही है। खबर है कि अरिजीत ने अपनी फिल्म के लिए नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा सिद्दीकी को कास्ट किया है।
शूटिंग
लंदन में फिल्म की शूटिंग कर रहे अरिजीत सिंह
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, अरिजीत अपनी फिल्म के कलाकारों के साथ लंदन में शूटिंग कर रहे थे। बताया जाता है कि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी खुद उन्होंने ली है। एक सूत्र ने बताया, "यह एक ऐसा विचार है जो अरिजीत के मन में था, और उन्होंने सोचा कि इसे खुद बनाना और इसका समर्थन करना सबसे अच्छा होगा, ताकि रचनात्मक स्वतंत्रता उन्हीं के पास रहे, जो एक रचनात्मक कलाकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।"
कहानी
जानिए क्या होगी फिल्म की कहानी
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की कहानी 3 युवाओं के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिनमें से एक का किरदार शोरा निभा रही हैं। यह तीनों ही समाज के बिल्कुल अलग-अलग वर्गों से आते हैं। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे वह अपने विशेषाधिकारों, संघर्षों और परिस्थितियों के कारण आपस में टकराते हैं। सूत्र ने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि फिल्म को अरिजीत खुद रिलीज करेंगे या फिर किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस को सौंप देंगे।