अर्चना पूरन सिंह ने बताया क्यों डूबा फिल्मी करियर, बोलीं- अब कोई काम नहीं दे रहा
क्या है खबर?
मशहूर अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को आज हर घर में उनकी शानदार हंसी के लिए जाना जाता है। उन्होंने हाल ही में अपने करियर को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक विशेष बातचीत में उन्होंने साझा किया कि किस तरह 'द कपिल शर्मा शो' की प्रतिबद्धताओं के कारण उन्होंने कई फिल्मों के ऑफर ठुकराए और अब स्थिति ये है कि उन्हें बॉलीवुड में काम मिलना लगभग बंद हो गया है।
शुरुआत
'जलवा' के साथ अर्चना ने की लीड रोल में एंट्री
नसीरुद्दीन शाह के साथ फिल्म 'जलवा' में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर पहचान बनाने के बाद अर्चना का फिल्मी सफर धीरे-धीरे सहायक भूमिकाओं तक सीमित होकर रह गया। एक समय वो 'बाज' और 'जज मुजरिम' जैसी फिल्मों में आइटम गानों में नजर आईं तो दूसरी ओर 'इंसान', 'कुछ कुछ होता है', 'दे दना दन' और 'बोल बच्चन' जैसी फिल्मों में उनकी कॉमिक टाइमिंग इतनी मशहूर हुई कि वो 'टाइपकास्ट' (एक ही तरह की भूमिका में बंधना) का शिकार हो गईं।
कारण
"कपिल का शो छोड़ना मुमकिन नहीं था"
साल 2019 में 'द कपिल शर्मा शो' में अर्चना ने नवजोत सिंह सिद्धू की जगह ली थी। न्यूज 18 से अर्चना ने बताया, "इन पिछले कई सालों में मैं फिल्मों में काम नहीं कर पाई हूं। एक बार मुझे एक फिल्म का ऑफर आया था, जिसके लिए मुझे शूटिंग के सिलसिले में 25 दिनों के लिए स्कॉटलैंड जाना था, लेकिन मेरे लिए मुमकिन नहीं था कि मैं कपिल के शो की शूटिंग छोड़कर कहीं और फिल्म की शूटिंग करूं।"
इनकार
बार-बार 'ना' कहना पड़ा भारी
अर्चना ने खुलासा किया कि जब शो टीवी पर आता था तो साल में 100 एपिसोड शूट करने पड़ते थे। इस व्यस्त शेड्यूल की वजह से उनके पास कुछ और करने का समय ही नहीं बचा। लगातार फिल्म प्रोजेक्ट्स को ठुकराने का नतीजा ये हुआ कि निर्माताओं ने उन्हें काम देना ही बंद कर दिया। अर्चना ने स्वीकार किया कि बार-बार मना करने की वजह से लोग अब उनसे संपर्क नहीं करते।
समय
नेटफ्लिक्स ने बदली अर्चना पूरन सिंह की किस्मत
अर्चना ने बताया कि उन्होंने शो के कारण इतनी फिल्मों को मना किया कि अब फिल्म निर्माताओं ने उनसे संपर्क करना ही बंद कर दिया है। हालांकि, अर्चना ने खुशी जताते हुए कहा, "अब शो 'सीजन' के आधार पर शूट होता है। इससे उन्हें पूरे साल भारत में रहने की जरूरत नहीं पड़ती और वो फिल्मों के लिए समय निकाल सकती हैं। टीवी के 100 एपिसोड्स के मुकाबले अब सीजनल शूटिंग की वजह से उनके पास काफी खाली समय है।"
फिल्म
इस फिल्म में दिख रहीं अर्चना
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के नए फॉर्मेट की बदौलत अर्चना अब बड़े पर्दे पर लौट आई हैं। राजकुमार राव की फिल्म 'टोस्टर' में वे एक कॉमेडी लेकिन महत्वपूर्ण किरदार में नजर आ रही हैं। अर्चना ने खुलासा किया कि अगर फिल्म 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' में उन्होंने साथ काम न किया होता तो 'टोस्टर' का मौका कभी नहीं मिलता। राजकुमार और उनकी पत्नी पत्रलेखा ने इस फिल्म से बतौर निर्माता अपनी शुरुआत की है।