'रामायण' के लिए एआर रहमान ने ठुकराईं 12 फिल्में, 3 साल तक की कड़ी मेहनत
क्या है खबर?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय के साथ इसका संगीत भी खूब चर्चा में है। इसके लिए निर्माताओं ने ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर को साथ जोड़ा है। हाल ही में एक बातचीत के दौरान रहमान ने खुलासा किया कि 'रामायण' के संगीत पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उन्होंने 10-12 फिल्मों के प्रस्ताव ठुकरा दिए थे।
सफर
रहमान ने 'रामायण' का संगीत तैयार करने के सफर को बताया खूबसूरत
रहमान ने 'रामायण' के लिए संगीत तैयार करने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए, कहा, "हम पिछले 3 सालों से 'रामायण' के संगीत, उसकी थीम और बाकी चीजों पर काम कर रहे हैं। इनमें से कुछ के तो 12-13 वर्जन तक तैयार किए गए हैं। 'रावण तांडव' के भी 12-13 वर्जन बने थे और आखिरकार हमें एक ऐसा वर्जन मिल ही गया जो सबको पसंद आया। यह सफर बहुत खूबसूरत था। "
फिल्म
रहमान ने 'रामायण' के लिए इतनी फिल्में ठुकरा दीं
रहमान ने आगे कहा, "'रामायण' के लिए मैंने लगभग 10-12 फिल्में छोड़ दीं, ताकि मैं पूरी तरह से इसी काम में डूबा रह सकूं। मैंने कई बड़े और अहम फिल्म निर्माताओं के साथ काम करने से मना कर दिया और मुझे इस बात पर गर्व है। मैं कोई प्रोजेक्ट तभी स्वीकार करता हूं, जब वह मुझे सच में पसंद आए। इससे मेरी कलात्मक समझ निखरती है और मेरी पूरी टीम भी उत्साहित हो जाती है।"
गाना
'रामायण' में रहमान ने बनाया यह गाना
'रामायण: भाग 1' के गानों में 'जय जय राम' (जिसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है), 'रावण तांडव' (जिसमें विशाल ददलानी की आवाज है) और 'सीताज एस्पिरेशन' (जिसमें एआर अमीन, वैशाली सामंत, रक्षिता सुरेश और अंतरा नंदी शामिल हैं) जैसे गाने हैं।
इसके बोल कवि कुमार विश्वास ने लिखे हैं। इस एल्बम में 'जय जय राम' का एक ऑर्केस्ट्रल वर्जन और 'राम थीम' भी शामिल है, जिसे रहमान और जिमर ने मिलकर कंपोज किया है।