Page Loader
डिज्नी की पार्टी में एकमात्र भारतीय थे एआर रहमान, इस अजीब घटना से हुआ सामना
एआर रहमान ने सुनाया एक अजीब वाकया

डिज्नी की पार्टी में एकमात्र भारतीय थे एआर रहमान, इस अजीब घटना से हुआ सामना

Aug 17, 2022
06:06 pm

क्या है खबर?

संगीतकार एआर रहमान ने अपने संगीत से भारत ही नहीं, दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है। रहमान दुनियाभर में अपने कॉनसर्ट्स कर रहे हैं और लोगों का दिल जीत रहे हैं। हालांकि, रहमान के लिए नई दुनिया में नए लोगों के साथ ढलना इतना आसान नहीं था। अब उन्होंने एक वाकया बताया है जब वह एक कार्यक्रम में सेल्फी ले रहे थे और सबकी निगाहें उनपर टिक गईं। वहां रहमान एकमात्र भारतीय थे।

परेशानी

जब पार्टी में परेशान हो गए रहमान

एक यूट्यूब शो में रहमान ने बताया कि अकैडमी के सदस्य होने के नाते उन्हें हॉलीवुड की कई पार्टियों के निमंत्रण आने लगे। इससे पहले रहमान को पार्टियों में जाने का समय नहीं मिलता था। इस बार वह लॉस एंजेलिस में थे इसलिए उन्होंने वो सब देखने का फैसला किया जिसे उन्होंने पहले नहीं देखा था। हालांकि, जब रहमान पार्टी में गए तो तेज आवाज, नशे में लोग और तंग जगह के कारण 10-15 मिनट में ही वापस आ गए।

वाकया

सेल्फी लेते वक्त हुई यह अजीब घटना

रहमान ने एक और वाकया सुनाया। वह फिल्म 'फ्रोजन' के लिए रखी गई डिज्नी की एक पार्टी में पहुंचे थे। उसी साल वॉल्ट डिज्नी की 90वीं वर्षगांठ थी, इसलिए वहां उनकी मूर्ति लगाई गई थी। रहमान ने वहां सेल्फी ली। जब वह वापस मुड़े तो देखा कि हर कोई उनको ही देख रहा था। श्वेत लोगों के बीच में वह एकमात्र भारतीय थे। रहमान ने कहा, "ऑस्कर की वजह से मुझे हर कोई पहचानने लगा, भले मैं उन्हें न पहचानूं।"

उपलब्धि

संगीत से रहमान ने बुलंदियों को छुआ

2009 की फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए उन्हें दो ऑस्कर अवॉर्ड दिए गए थे। फिल्म के म्यूजिक के लिए रहमान को बेस्ट ऑरिजिनल स्कोर और बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग के लिए ऑस्कर पुरस्कार मिला था। रहमान ने अपने करियर की शुरुआत 1991 की फिल्म 'रोजा' में संगीत देकर की थी। इस फिल्म के संगीत को काफी सराहा गया था। वह पद्मश्री और पद्म भूषण से भी सम्मानित हैं। कम ही लोग जानते हैं कि रहमान का असल नाम दिलीप कुमार है।

भारतीय सितारे

जल्द हॉलीवुड फिल्मों में नजर आएंगे ये भारतीय स्टार्स

आज भले ही कई हस्तियां हॉलीवुड में अपनी जगह बना चुकी हैं, लेकिन रहमान के किस्सों से साफ है कि यह हमेशा से इतना आसान नहीं था। ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण हॉलीवुड में अपनी जगह बना चुकी हैं। जल्द ही आलिया भट्ट की पहली हॉलीवुड फिल्म 'हार्ट ऑफ स्टोन्स रिलीज होगी। ऋतिक रोशन भी एक अमेरिकी स्पाई थ्रिलर फिल्म में काम कर रहे हैं। अली फजल भी अपने आने वाले हॉलीवुड प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।