Loading...
BSF जवानों की पिटाई पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा, बोले- इंसानियत कहां गायब हो गई?
BSF जवानों पर हमले से गुस्से में अनुपम खेर

BSF जवानों की पिटाई पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा, बोले- इंसानियत कहां गायब हो गई?

Nov 10, 2026
11:41 am

क्या है खबर?

त्रिपुरा में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हुए हमले पर अभिनेता अनुपम खेर ने गहरा दुख और गुस्सा जताया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर उन्होंने इस घटना पर आम जनता की चुप्पी पर सवाल उठाए। अनुपम ने हमले के दौरान घायल जवानों, खासकर एक जवान के अदम्य संयम की तारीफ की, जिसने बुरी तरह पीटे जाने के बाद भी कोई हिंसक जवाबी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने जवानों के सम्मान में आवाज उठाने की अपील की।

वीडियो

BSF जवान को जमीन पर गिराकर पीटा

सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर हुए अनुपम ने लिखा कि त्रिपुरा में BSF जवान पर हमले का वीडियो देखकर वो बेहद दुखी और गुस्से में हैं। उन्होंने बताया कि इसी भावना के कारण उन्होंने यह वीडियो बनाया है।

अनुपम ने कहा, "मैंने एक वीडियो देखा जिसमें महिलाओं सहित कुछ लोग BSF जवानों को लाठियों और घूंसों से बेरहमी से पीट रहे थे। उन्होंने एक जवान को जमीन पर गिराने के बाद भी उस पर हमला करना जारी रखा।"

नाराजगी

"वर्दी पहनने वालों को खुद से अलग न समझें"

अनुपम बोले, "सच कहूं तो इसे देखकर मेरा खून खौल उठा। अपनी ड्यूटी कर रहे किसी भी व्यक्ति को पीटना पूरी तरह गलत है। और जब वह इंसान हमारी सीमाओं की रक्षा करने और हमें सुरक्षित रखने का फर्ज निभा रहा हो तो मंजर और दर्दनाक और गुस्सा दिलाने वाला हो जाता है। ये जवान भी किसी के बच्चे, किसी के पति, भाई और बेटे हैं। सिर्फ इसलिए कि वे वर्दी पहनते हैं, कृपया उन्हें खुद से अलग न समझें।"

ADVERTISEMENT

सवाल

लोगों की आवाज कहां गई?

अभिनेता ने आगे कहा, "मुझे इस बात का गहरा दुख है कि इस गंभीर घटना पर वैसा जन-आक्रोश और विरोध देखने को नहीं मिला, जैसा होना चाहिए था। हम घरेलू हिंसा और अन्य तरह के अपराधों के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हैं और ऐसा करना पूरी तरह सही भी है, लेकिन जब हम अपने ही देश के एक जवान को इस तरह बेदर्दी से पिटते हुए देखते हैं तो हमारी इंसानियत, संवेदना और आवाजें आखिर कहां गायब हो जाती हैं?"

ADVERTISEMENT

जिम्मेदारी

"जवान के सम्मान में आवाज उठाना हमारी भी जिम्मेदारी"

अनुपम बोले, "हमें इस हिंसा को आम घटना मानकर आगे नहीं बढ़ना चाहिए। ये कभी सामान्य नहीं होनी चाहिए। हम मान लेते हैं कि सीमा पर खड़ा जवान हमारी रक्षा करेगा, लेकिन उसके सम्मान और गरिमा की रक्षा में आवाज उठाना हमारी भी जिम्मेदारी है। खुशी है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हुई। यह बदले की संतुष्टि नहीं, बल्कि इस बात की तसल्ली है कि जवान पर हुई बर्बरता को अनदेखा नहीं किया गया और एक स्पष्ट संदेश दिया गया।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

धैर्य

इतनी पिटाई के बाद भी जवान ने नहीं खोया आपा

अनुपम ने कहा कि इतनी पिटाई के बाद भी जवान ने अपना आपा नहीं खोया और जवाब में हिंसा नहीं की।

बता दें कि ये घटना 2 नवंबर को त्रिपुरा के आशाबारी गांव में हुई थी। तस्करी के शक में एक व्यक्ति से पूछताछ के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। वहां पहुंचे 3 BSF जवानों पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला किया और उनके हथियार छीनने के साथ सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

ADVERTISEMENT