एमी विर्क को UAE में फंसी पत्नी और बेटी की सताई चिंता, साझा किया भावुक पोस्ट
क्या है खबर?
पंजाबी गायक-अभिनेता एमी विर्क ने अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने बताया कि मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच उनकी पत्नी और 6 साल की बेटी UAE में फंसे हुए हैं। अभिनेता ने पोस्ट में अपनी बेटी की कही एक मार्मिक बात का जिक्र किया। साथ ही कहा कि वह न सिर्फ अपने परिवार के लिए, बल्कि इस संघर्ष से प्रभावित सभी लोगों के लिए शांति की प्रार्थना करते हैं।
पोस्ट
एमी विर्क ने साझा किया पोस्ट
अभिनेता ने लिखा, 'UAE के हालात मेरे दिल पर भारी पड़ रहे हैं। मेरी पत्नी और मेरी 6 साल की बेटी वहीं हैं। एक पति और पिता होने के नाते, ऐसे वक्त में भावुक और तनावग्रस्त न होना असंभव है।' अपनी बच्ची की कही बात बताते हुए उन्होंने लिखा, 'पापा, अगर कुछ हुआ तो मैं अपने बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक मजबूत बच्ची हूं, पापा, चिंता मत करो। एक पिता को यह सुनना अच्छा नहीं लगता।'
सराहना
एमी विर्क ने UAE सरकार की सराहना की
एमी ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए UAE सरकार की सराहना की और लिखा, 'मुझे पता है कि कई परिवार इसी डर और चिंता से गुजर रहे हैं। मेरी प्रार्थना सिर्फ मेरे परिवार के लिए नहीं, बल्कि इससे प्रभावित हर व्यक्ति के लिए हैं। आशा है कि यह दौर जल्द बीत जाएगा।' बता दें, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव के चलते UAE और मध्य पूर्व के बाकी हिस्सों से आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द किया गया है।