'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग करते वक्त अमिताभ बच्चन को लगी चोट, खुद किया खुलासा
क्या है खबर?
अमिताभ बच्चन का क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का सीजन 18 दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। हालिया एपिसोड में उन्होंने खुलासा किया कि शो की शूटिंग करते वक्त उनके घुटने में चोट लग गई, जिसके चलते उन्हें खड़े होने में दिक्कत हो रही है। अभिनेता ने आगे बताया कि आमतौर पर वह मंच पर खड़े होकर अपना मशहूर शुरुआती भाषण देते हैं, लेकिन चोट के चलते उन्हें बैठकर शो की शुरुआत करनी पड़ रही है।
हादसा
पैर फिसलने के कारण अमिताभ को लगी चोट
अमिताभ ने कहा, "आमतौर पर मैं अपना मोनोलॉग बीच में खड़े होकर देता हूं, लेकिन आज मेरे घुटने में चोट लग गई है। कल शूटिंग के दौरान मैं फिसल गया और गिर गया, जिससे मेरे घुटने में चोट आ गई।"
बिग बी ने बताया कि वह बैठकर अपना मोनोलॉग दे रहे हैं, क्योंकि उन्हें खड़े होने में थोड़ी दिक्कत हो रही है।
हालांकि, उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि चोट गंभीर नहीं है और वह जल्द ठीक हो जाएंगे।
शो
KBC का 18वां सीजन होस्ट कर रहे अमिताभ
'कौन बनेगा करोड़पति' भारत का सबसे लोकप्रिय क्विज शो है, जिसे अमिताभ पिछले 26 साल से लगातार होस्ट करते आ रहे हैं। अब इसका 18वां सीजन प्रसारित हो रहा है।
यह शो ब्रिटिश गेम शो 'हू वांट्स टू बी अ मिलियनियर?' का आधिकारिक हिंदी रूपांतरण हैं। हाल ही में इसका मराठी रूपांतरण 'कोण होणार करोडपती' भी शुरू हुआ जिसे माधुरी दीक्षित होस्ट कर रही हैं।
शो के अलावा, अमिताभ को साउथ सुपरस्टार प्रभास की फिल्म 'कल्कि 2' में देखा जाएगा।