अमिताभ बच्चन ने 'सेवानिवृत्ति' की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- काम बंद नहीं कर रहा
क्या है खबर?
फिल्मी सितारों की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगना कोई नई बात नहीं है। ताजा मामला दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को लेकर सामने आया है, क्योंकि कुछ दिन पहले उन्होंने अपने ब्लॉग में कहा था, 'आई विश टू रिटायर नाउ।' बस फिर क्या सोशल मीडिया पर उनकी सेवानिवृत्ति को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद अमिताभ ने खुद सेवानिवृत्ति की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है।
प्रतिक्रिया
अमिताभ ने बताया कि आखिर क्या था उनका कहने का मतलब
अभिनेता ने अपने हालिया ब्लॉग में बताया कि 'सेवानिवृत्ति' से उनका क्या मतलब है।
उन्होंने लिखा, 'मैंने ब्लॉग में लिखा था... 'देर हो गई है, अब आराम करने का समय है...' जिसका मतलब हम सब जानते हैं कि बिस्तर पर आराम करना है, देर हो गई है... और यह मीडिया है- राष्ट्र की अंतरात्मा- अंतिम सूचनादाता!!'
अपने ब्लाॅग में उन्होंने 'सेवानिवृत्ति' से संबंधित एक समाचार पत्र की कटिंग भी साझा की और बताया कि उनका ऐसा कोई इराद नहीं है।
स्पष्टता
अमिताभ ने अटकलों पर पूरी तरह से लगाया विराम
उन्होंने लिखा, 'जी नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा; अंग्रेजी में इसका मतलब होता है मैं अब सोने जा रहा हूं!!! और वहां मान्यवर आपको आने का निमंत्रण नहीं है!'
दरअसल, अमिताभ ने 'कौन बनेगा करोड़पति' से जुड़े अपने ब्लॉग में बताया था कि कई बार उनके लिए प्रतियोगियों की गंभीर परिस्थितियों को संभालना ही नहीं, बल्कि शो होस्ट करना मुश्किल हो जाता है। इसी भावुक संदर्भ में उन्होंने लिखा था कि वह सेवानिवृत्ति होना चाहते हैं।