LOADING...
'वेलकम टू द जंगल' के बीच, इस साल किन सीक्वल फिल्मों ने की सबसे ज्यादा कमाई?
इस साल बॉक्स ऑफिस पर छाए ये सीक्वल

'वेलकम टू द जंगल' के बीच, इस साल किन सीक्वल फिल्मों ने की सबसे ज्यादा कमाई?

Jun 26, 2026
10:16 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड में कामयाब फिल्मों के सीक्वल बनाने का चलन खूब जोर पकड़ रहा है। इसी माहौल के बीच अक्षय कुमार की बड़ी कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। ये सुपरहिट फिल्म 'वेलकम' का तीसरा भाग है, जिससे दर्शकों और निर्माताओं दोनों को भारी उम्मीदें हैं। हालांकि, साल 2026 में सीक्वल फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड मिला-जुला रहा है। आइए नजर डालते हैं इस साल रिलीज हुई उन सीक्वल फिल्मों पर, जिन्होंने सबसे ज्यादा कमाई की।

#1

'धुरंधर 2: द रिवेंज'

'धुरंधर: द रिवेंज' साल 2026 की अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनकर उभरी। रणवीर सिंह, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकारों से सजी इस जासूसी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। सैकनिल्क के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 1,148.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, वहीं दुनियाभर में फिल्म ने विदेशों समेत 1,812.82 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार पर ये फिल्म मौजूद है।

#2

'बॉर्डर 2'

साल 1997 में आई जेपी दत्ता की देशभक्ति फिल्म 'बॉर्डर' के सीक्वल से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं और फिल्म उन उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरी। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे दमदार सितारों से सजी 'बॉर्डर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए झंडे गाड़े। फिल्म ने दुनियाभर में 450 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, जबकि फिल्म का बजट 275 करोड़ था। नेटफ्लिक्स पर आप इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।

Advertisement

#3

'मर्दानी 3'

'मर्दानी 3' के जरिए रानी मुखर्जी ने एक बार फिर कड़क पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी की। नेटफ्लिक्स पर मौजूद 50 करोड़ के बजट में बनी 'मर्दानी 3' भी इस साल आई चर्चित सीक्वल फिल्मों में शामिल रही। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 78.82 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन औसत रहा, लेकिन इस साल की कमाई करने वाली सीक्वल फिल्मों में इसका नाम जरूर शामिल है।

Advertisement

उम्मीद

क्या 'वेलकम 2 द जंगल' भी छापेगी नोट?

अब दर्शकों की निगाहें 'वेलकम' के तीसरे भाग 'वेलकम 2 द जंगल' की कमाई पर टिकी हैं। साल 2007 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'वेलकम' की इस तीसरी कड़ी के निर्देशन अहमद खान हैं। इसमें अक्षय कुमार के साथ रवीना टंडन, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, परेश रावल, दिशा पाटनी, लारा दत्ता और जैकलीन फर्नांडिस जैसे कलाकारों की बड़ी फौज नजर आ रही है। जबरदस्त कॉमेडी से सजी फिल्म को पहले दिन दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

Advertisement