करण जौहर बॉलीवुड की भेड़चाल पर भड़के- दाढ़ी, सिगरेट और स्लो मोशन; क्या यही मर्दानगी है?
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता करण जौहर ने बॉलीवुड में बढ़ रहे अति-मर्दानगी के चलन पर नाराजगी जाहिर की है। करण का मानना है कि फिल्मों में 'अल्फा मेल' और हिंसा को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना एक खतरनाक चलन है, जो असल कहानियों को पीछे छोड़ रहा है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि केवल सिक्स-पैक एब्स और मारधाड़ ही मर्दानगी की पहचान नहीं है। उन्होंने निर्माताओं से इस 'वर्चस्ववादी पुरुष प्रधान सोच' से बाहर निकलने की अपील की है।
दो टूक
बिना वजह स्लो मोशन और सिर्फ धुआं उड़ाना सिनेमा नहीं- करण
'द वीक' से करण बोले, "अगर एक तरह की फिल्म हिट हो जाती है तो वैसी 10 और बनेंगी, इसलिए अब आपको ऐसी 10 और अत्यधिक आक्रामक वाली फिल्में देखने को मिलेंगी, जिनमें पुरुष बिना वजह के बस 'स्लो मोशन' में चलते नजर आएंगे। वो कहीं खास नहीं जा रहे होंगे, लेकिन उनके चलने का अंदाज वही होगा। सबकी दाढ़ी होगी और वे सिगरेट पी रहे होंगे। जाहिर है पुरुषों को लगता है कि औरतें यही देखना पसंद करती हैं।"
उम्मीद
बॉलीवुड में 'भेड़चाल', OTT से उम्मीद
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए करण ने ये भी कहा कि सिनेमा में विविधता के लिए अब केवल डिजिटल माध्यम (OTT) ही उम्मीद की एकमात्र किरण है, क्योंकि वहां आज भी कहीं ज्यादा दिलचस्प और अलग तरह की कहानियां दिखाई जा रही हैं। करण ने अपनी 2023 की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में दिखाई गई एक अलग तरह की मर्दानगी (जैसे पुरुष का कत्थक डांस करना) को लेकर हुई आलोचनाओं पर भी खुलकर बात की।
जवाब
"मैं जन्मजात नारीवादी हूं"
फिल्म में एक पुरुष कलाकार द्वारा कत्थक करने के दृश्य पर हुई आलोचना को याद करते हुए करण बोले "मुझसे मुख्यधारा के दर्शकों ने सवाल किया कि आप एक पुरुष को ऐसे कैसे दिखा सकते हैं?' मेरा जवाब है कि अगर मैं केवल एक खास दर्शक वर्ग पर ध्यान दूं और अपने काम पर भरोसा न करूं तो फिर मेरा यहां होने का क्या मतलब है?" करण ने आगे कहा, "मैं जन्मजात नारीवादी हूँ और हमेशा नारीवादी कहानी ही सुनाऊंगा।"
चांद मेरा दिल
'एनिमल', 'धुरंधर' जैसी हिंसक फिल्मों के बीच करण ला रहे 'चांद मेरा दिल'
बता दें कि हाल ही के दिनों में 'एनिमल', 'मार्को' और 'धुरंधर' जैसी फिल्मों ने पर्दे पर रफ लुक, सिगरेट और रोंगटे खड़े कर देने वाली हिंसा को बढ़ावा दिया है, लेकिन करण जौहर इस चलन से अलग अपनी अगली फिल्म 'चांद मेरा दिल' की तैयारी में जुटे हैं। विवेक सोनी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी मुख्य भूमिकाओं में होंगे, जो दर्शकों को फिर से क्लासिक रोमांस के दौर में ले जाएगी।