आलिया-शरवरी की 'अल्फा' ने वीकेंड पर दिखाया दम, 'वेलकम टू द जंगल' भी नहीं रही पीछे
क्या है खबर?
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म 'अल्फा' ने वीकेंड की अग्निपरीक्षा को सफलतापूर्वक पार कर लिया है। यह जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में उतरी थी। समीक्षकों और दर्शकों से निराशाजनक प्रतिक्रया मिलने के बावजूद इसने वीकेंड पर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर ही लिया। बॉक्स ऑफिस पर पहले से मौजूद अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' ने दूसरे वीकेंड पर धाकड़ कमाई की। आइए जानते हैं दोनों फिल्मों की कलेक्शन रिपोर्ट।
कमाई
'अल्फा' ने तीसरे दिन दोहरे अंकों में की कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, 'अल्फा' ने रिलीज के तीसरे दिन 13.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा आंकड़ा है, क्योंकि इसने दूसरे दिन 11.50 करोड़ और पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद फिल्म का कुल कलेक्शन 34 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में, इसने तीसरे दिन 5 करोड़ कमाए, जिससे कुल विदेशी कमाई 18 करोड़ रुपये हो गई है। इस तरह, 'अल्फा' का वैश्विक कुल कलेक्शन 58.80 करोड़ रुपये हो गया है।
टक्कर
'अल्फा' के सामने चट्टान बनकर खड़ी है 'वेलकम टू द जंगल'
अक्षय, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी और राजपाल यादव जैसे तमाम सितारों से सजी 'वेलकम टू द जंगल' ने दर्शकों का दिल जीतते हुए दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर लिया है। सैकनिल्क के मुताबिक, इसने 10वें दिन रविवार को 9.75 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर दिखाया है। फिल्म घरेलू स्तर पर 114.90 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 166.75 करोड़ हुई है। हालांकि, दोनों फिल्मों की असली अग्निपरीक्षा कारोबारी दिनों से शुरू हो गई है।