आलिया भट्ट की 'अल्फा' को चौथे दिन झटका, इतनी नीचे आ गिरी फिल्म की दैनिक कमाई
क्या है खबर?
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की जासूस एक्शन थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' को तगड़ा झटका लगा है। वीकेंड पर शानदार कमाई करने के बाद फिल्म कारोबारी दिनों में आ चुकी है और इसी के साथ आंकड़ों में भारी गिरावट भी देखने को मिली है। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की यह 7वीं कड़ी है, जिसमें बॉबी देओल और अनिल कपूर भी मौजूद हैं। दूसरी ओर, 'वेलकम टू द जंगल' भी बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है। आइए देखें ताजा कलेक्शन।
झटका
'अल्फा' ने चौथे दिन किया सबसे कम कारोबार
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन सोमवार को 3.85 करोड़ रुपये कमाए हैं। वीकेंड पर इसने तीसरे दिन 13.25 करोड़, दूसरे दिन 11.50 करोड़ और पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये कमाए थे। चौथे दिन सबसे कम कलेक्शन करने के बाद फिल्म की कुल नेट कमाई 37.85 करोड़ रुपये हो पाई है। विश्व स्तर पर 'अल्फा' का कलेक्शन अब तक 63.64 करोड़ रुपये हुआ है। इससे करीब 100 करोड़ रुपये के बजट को पार करना काफी मुश्किल होगा।
गिरावट
'वेलकम टू द जंगल' की रफ्तार भी पड़ने लगी धीमी
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी और अरशद वारसी जैसे सितारों से सजी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' दूसरे हफ्ते में आकर फीकी पड़ने लगी है। सैकनिल्क के मुताबिक, इसने रिलीज के 11वें दिन कुल 2.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। घरेलू स्तर पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 117.55 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि वर्ल्डवाइड इसने 170.35 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। अहमद खान द्वारा निर्देशित फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।