LOADING...
अल्लू अर्जुन पर कानूनी गाज, 'पुष्पा 2' भगदड़ मामले में कोर्ट ने किया तलब
अल्लू अर्जुन की बढ़ी मुश्किलें

अल्लू अर्जुन पर कानूनी गाज, 'पुष्पा 2' भगदड़ मामले में कोर्ट ने किया तलब

Jun 19, 2026
03:21 pm

क्या है खबर?

अल्लू अर्जुन कानूनी मुसीबत में फंस गए हैं। फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के सिनेमाघर में मची भगदड़ और एक महिला फैन की मौत के मामले में कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हैदराबाद के नामपल्ली कोर्ट ने संध्या थिएटर भगदड़ और फैन की मौत के मामले में अभिनेता को समन जारी किया है। इस मामले में दाखिल चार्जशीट में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 बनाया गया है।

समन

संध्या थिएटर प्रबंधन समेत 20 लोगों को होना होगा पेश

'पुष्पा 2' भगदड़ और फैन की मौत के मामले में हैदराबाद के नामपल्ली कोर्ट ने तेलुगू सुपरस्टार अल्लू अर्जुन समेत 20 आरोपियों को समन जारी किया है। चिक्कडपल्ली पुलिस ने इस केस में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 बनाया है, जबकि संध्या थिएटर के प्रबंधन को आरोपी नंबर 1 से 10 बनाया गया है। अदालत ने अल्लू को सोमवार, 22 जून को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।

मामला

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा विवाद 4 दिसंबर 2024 का है, जब हैदराबाद के 'संध्या थिएटर' में 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर शो के दौरान भारी बवाल हुआ था। अल्लू को देखने के लिए थिएटर के बाहर बड़ी संख्या में फैंस के जुटने से सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ गई और भगदड़ मच गई। इस हादसे में दम घुटने से रेवती नाम की 35 साल की महिला प्रशंसक की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था।

Advertisement

आरोप

लापरवाही और पुख्ता इंतजाम न होने पर BNS के तहत दर्ज हुआ केस

हादसे के बाद पुलिस ने बताया कि थिएटर प्रबंधन और अभिनेता की टीम ने उनके दौरे की कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी। हैदराबाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए अल्लू, उनकी सुरक्षा टीम और संध्या थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे।

Advertisement

गिरफ्तारी

हादसे के बाद हुई थी गिरफ्तारी, फिर मिली जमानत

हादसे के 1 सप्ताह बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अल्लू को गिरफ्तार किया था। हालांकि, उन्हें उसी दिन तेलंगाना हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई थी। अभिनेता ने घटना पर दुख जताते हुए मृतका रेवती के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। बाद में हैदराबाद पुलिस ने कोर्ट में जो चार्जशीट दाखिल की, उसमें भी अल्लू अर्जुन को आधिकारिक तौर पर आरोपी के रूप में शामिल किया गया है।

Advertisement