LOADING...
कान्स में आलिया भट्ट ने भारतीय सिनेमा को घेरा, पूछा- सिर्फ पुरुषों के लिए फिल्में क्यों?
कान्स में आलिया भट्‌ट की बॉलीवुड को दो टूक

कान्स में आलिया भट्ट ने भारतीय सिनेमा को घेरा, पूछा- सिर्फ पुरुषों के लिए फिल्में क्यों?

May 13, 2026
09:54 am

क्या है खबर?

अभिनेत्री आलिया भट्ट ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के पुराने तरीकों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर आज भी भारतीय फिल्में ज्यादातर पुरुषों की पसंद को ध्यान में रखकर क्यों बनाई जाती हैं? आलिया का कहना है कि अब समय आ गया है, जब बॉक्स ऑफिस को महिला दर्शकों की ताकत को पहचानना चाहिए। इस मुद्दे पर बात करते हुए आलिया ने हॉलीवुड फिल्म 'बार्बी' की बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता का उदाहरण भी दिया।

बयान

महिला दर्शक फिल्में कमाल कर रही हैं- आलिया

कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से आलिया ने कहा, "मुझे लगता है कि हम एक बहुत ही दिलचस्प समय में हैं... अगर आप बॉक्स ऑफिस पर नजर डालें तो आप उन फिल्मों को देखेंगे, जिन्होंने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है 'बार्बी', 'वुदरिंग हाइट्स' और 'द डेविल वियर्स प्राडा'। ये तो बस कुछ उदाहरण हैं। मुझे यकीन है कि ऐसी और भी बहुत सी फिल्में हैं, और उनकी मुख्य दर्शक शायद महिलाएं ही थीं।"

सवाल

आलिया का बॉलीवुड से तीखा सवाल

भारतीय सिनेमा के बारे में बात करते हुए आलिया ने कहा, "लेकिन भारत में जब हम बॉक्स ऑफिस और आंकड़ों की बात करते हैं तो अक्सर एक बात सामने आती है कि सिनेमा जाने वाले 75 प्रतिशत दर्शक पुरुष हैं, इसलिए हमें बड़े पैमाने पर उन्हीं की पसंद का ख्याल रखने की जरूरत है। ये चर्चा काफी होती है। मैं सोचती हूं कि अगर हम सिर्फ पुरुषों की पसंद का ध्यान रख रहे हैं तो महिलाओं का क्या?"

Advertisement

दो टूक

"चाहे हीरो हो या हीरोइन, फर्क नहीं पड़ना चाहिए"

आलिया बोलीं, "मैं ये नहीं कह रही कि पुरुषों को अलग कर दिया जाए, लेकिन हमें किसी को भी अलग करने की क्या जरूरत? हमें सिर्फ एक ही जेंडर के हिसाब से फिल्में क्यों बनानी पड़ती हैं? हम ऐसी फिल्में क्यों नहीं बना सकते, जो जेंडर से परे हों, जहां कहानी सबसे ज्यादा मायने रखे? फिर चाहे फिल्म में पुरुष हो या महिला, उससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए। उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी फिल्में और ज्यादा देखने को मिलेंगी।"

Advertisement

आगामी फिल्में

'लव एंड वॉर' और 'अल्फा' के साथ बड़े पर्दे पर लौटेंगी आलिया

आलिया इस साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में लॉरियल पेरिस की ग्लोबल एंबेसडर के तौर पर शामिल हुईं, जहां उन्होंने तमारा राल्फ के शानदार गुलाबी गाउन और 168.27 कैरेट के दुर्लभ गुलाबी मूंगे के हार में अपना जलवा बिखेरा। काम के मोर्चे पर बात करें तो आलिया अब संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ दिखेंगी, जो 21 जनवरी, 2027 को रिलीज होगी। उनके पास स्पाई थ्रिलर 'अल्फा' भी कतार में है।

Advertisement