Page Loader
आलिया की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' की रिलीज डेट बदली, अगले महीने इस दिन होगी रिलीज
आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ की नई रिलीज डेट जारी

आलिया की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' की रिलीज डेट बदली, अगले महीने इस दिन होगी रिलीज

Jan 28, 2022
07:38 pm

क्या है खबर?

आलिया भट्ट पिछले काफी समय से फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि इसमें आलिया एक अनदेखे अवतार में नजर आने वाली हैं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज कई बार टल चुकी है। पिछले साल नवंबर में फिल्म की रिलीज डेट 18 फरवरी, 2022 तय की गई थी, हालांकि, अब इसे फिर आगे बढ़ा दिया गया है। आइए जानते हैं पर्दे पर कब आएगी 'गंगूबाई काठियावाड़ी'?

रिलीज

24 फरवरी को दर्शकों के बीच आएगी फिल्म

निर्देशक संजय लीला भंसाली ने सोशल मीडिया पर फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान किया है। कई बार फिल्म की रिलीज टलने के बाद अब आखिरकार यह 25 फरवरी को रिलीज हो रही है। इसके एक दिन पहले यानी 24 फरवरी को भंसाली का जन्मदिन होता है। फिल्म की शूटिंग 2019 में ही शुरू हो गई थी। पहले यह फिल्म 11 सितंबर, 2020 को रिलीज होने वाली थी। कोरोना महामारी के चलते फिल्म की रिलीज में देरी हुई है।

किरदार

फिल्म में माफिया क्वीन बनी हैं आलिया

'गंगूबाई काठियावाड़ी' एक असल जिंदगी से प्रेरित कहानी है। इसमें मुंबई के कमाठीपुरा की माफिया क्वीन गंगूबाई की कहानी को दिखाया गया है। गंगूबाई को कम उम्र में कोठे पर बेच दिया गया था। तमाम संघर्ष के बाद वह मुंबई की माफिया क्वीन बनी थीं। फिल्म में इस किरदार को आलिया ने निभाया है। वह पहली बार अपने करियर में लेडी डॉन की भूमिका निभाने जा रही हैं। अजय देवगन और इमरान हाशमी भी इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं।

परिचय

जानिए कौन थी गंगूबाई

गंगूबाई का असली नाम गंगा हरजीवनदास था, जो गुजरात के काठियावाड़ी की रहने वाली थीं। उन्हें 16 साल की उम्र में अपने पिता के अकाउंटेट से प्यार हो गया था और वह उससे शादी करके मुंबई भाग आई थीं। कहा जाता है कि उनके पति ने उन्हें 500 रुपये में बेच दिया था। इसके बाद वह वेश्यावृत्ति करने लगीं। उन्होंने बाद में अपने जीवन में महिलाओं के हित में कई काम किए और गंगूबाई काठियावाड़ी के नाम से मशहूर हुईं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

भले ही गंगूबाई कोठे चलाती थीं, लेकिन उन्होंने अपने रसूख का इस्तेमाल वेश्यालयों की हालत सुधारने में भी किया था। वह किसी को भी जबरन अपने कोठे में नहीं रखती थीं। जो भी इस धंधे से बाहर जाता था, वह उसकी मदद भी करती थीं।

फिल्में

इन फिल्मों में भी नजर आएंगी आलिया

आलिया फिल्म 'RRR' से साउथ इंडस्ट्री में कदम रखने वाली हैं। उन्हें निर्देशक अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में रणबीर कपूर के साथ देखा जाएगा। आलिया करण जौहर की फिल्म 'तख्त' में भी एक अहम भूमिका निभाएंगी। वह शाहरुख खान के होम प्रोडक्शन में बन रही फिल्म 'डार्लिंग्स' का हिस्सा हैं। इससे पहले दोनों 'डियर जिंदगी' में साथ काम कर चुके हैं। करण जौहर की रोमांटिक फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में भी आलिया अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।