बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा अक्षय कुमार-सैफ अली खान का मेल? एक फ्लॉप ने बिगाड़ा खेल
क्या है खबर?
अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने को तैयार हैं। मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही साइकोलॉजिकल एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'हैवान' का पहला लुक आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है। साल 2008 में आई फिल्म 'टशन' के बाद दोनों कलाकार पूरे 18 साल बाद रुपहले पर्दे पर लौट रहे हैं। इस धमाकेदार वापसी के बीच आइए एक नजर डालें सैफ और अक्षय की जोड़ी के पुराने बॉक्स ऑफिस इतिहास पर।
#1
'ये दिल्लगी'
यशराज फिल्म्स की 'ये दिल्लगी' (1994) अक्षय और सैफ की जोड़ी वाली पहली फिल्म थी।
2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी।
फिल्म में दोनों ने सगे भाइयों का किरदार निभाया था। अक्षय बेहद गंभीर और शांत बड़े भाई 'विजय' के रोल में नजर आए थे, वहीं सैफ ने एक चुलबुले और बिगड़ैल छोटे भाई 'विक्रम' का किरदार निभाया था।
#2
'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी'
'ये दिल्लगी' के बाद साल 1994 में ही आई 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' इस जोड़ी की दूसरी सुपरहिट फिल्म थी।
3.25 करोड़ इस फिल्म का बजट था और इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 14 करोड़ रुपये कमाए थे।
फिल्म में अक्षय ने एक कड़क पुलिस अफसर 'करण' का किरदार निभाया था, जबकि सैफ एक फ्लॉप और चुलबुले अभिनेता 'दीपक' के किरदार में दिखे थे। दोनों की बेमिसाल जुगलबंदी और गानों ने इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना दिया था।
#3 और #4
'तू चोर मैं सिपाही' और 'कीमत'
साल 1996 की 'तू चोर मैं सिपाही' में अक्षय पुलिस अफसर और सैफ चोर के मजेदार रोल में दिखे, जिसने 10.5 करोड़ की कमाई की।
इसके बाद साल 1998 में आई फिल्म 'कीमत: दे आर बैक' में अक्षय-सैफ की जोड़ी फिर एक्शन और कॉमेडी का तड़का लगाती नजर आई थी। हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। करीब 7.25 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 7 करोड़ रुपये कमाए थे।
#5 और #6
'आरजू' और 'टशन'
इसके बाद साल 1999 में ये जोड़ी फिल्म 'आरजू' में नजर आई, जिसमें माधुरी दीक्षित भी थीं। 5 करोड़ के बजट में बनी इस म्यूजिकल रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 9 करोड़ कमाए थे।
दूसरी ओर अक्षय और सैफ आखिरी बार साल 2008 में फिल्म 'टशन' में दिखे थे, जिसने 31 करोड़ के बजट में 51 करोड़ कमाए थे। बॉक्स ऑफिस पर भले ही ये औसत रही, लेकिन समय के साथ इसकी लोकप्रियता में खूब इजाफा हुआ।