अक्षय कुमार ने संवारा कश्मीर का ये सरकारी स्कूल, 1 करोड़ के दान से हुआ कायाकल्प
क्या है खबर?
अक्षय कुमार ने एक बार फिर अपनी दरियादिली से सबका दिल जीत लिया है। अभिनेता द्वारा दिए गए 1 करोड़ रुपये के भारी-भरकम दान ने जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में स्थित एक सरकारी स्कूल की सूरत पूरी तरह बदल कर रख दी है। अक्षय की इस मदद से स्कूल की एक नई और अत्याधुनिक बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है, जिसने कश्मीरी बच्चों के बेहतर भविष्य की नई राह खोल दी है।
पहल
अक्षय के पिता हरि ओम भाटिया के नाम पर बनी नई बिल्डिंग
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में गुरेज घाटी के सुदूर सीमावर्ती इलाके में स्थित गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नेरो तुलेल के लिए अक्षय ने 2021 में 1 करोड़ रुपये दान किए थे। इस योगदान का उपयोग स्कूल का एक नया ब्लॉक बनाने के लिए किया गया है, जिससे स्थानीय बच्चों के लिए संस्थान के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) में सुधार हुआ है। अक्षय के पिता की याद में इस नई बिल्डिंग का नाम श्री हरि ओम भाटिया एजुकेशन ब्लॉक रखा गया है।
ऐलान
LoC पर बच्चों के हालात देख पिघला था अक्षय का दिल
नई बिल्डिंग में अब क्लासरूम, एक कंप्यूटर लेबोरेटरी, एक लाइब्रेरी और शिक्षकों के लिए ऑफिस स्पेस है, जबकि छात्रों को एक साफ-सुथरे और बेहतर माहौल में सरकार की 'मिड-डे मील' (मध्याह्न भोजन) योजना का लाभ भी मिल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, साल 2021 में अक्षय BSF के निमंत्रण पर LoC पहुंचे थे। तुलेल गांव के दौरे के दौरान उन्होंने बच्चों और स्कूल की स्थिति देखकर इस स्कूल के लिए 1 करोड़ रुपये दान देने की घोषणा की थी।
योगदान
अक्षय के प्रयास से सुदूर कश्मीरी गांव में मजबूत हुई शिक्षा की नींव
इस दौरे के दौरान अक्षय ने BSF जवानों से भी मुलाकात की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनके साथ डांस भी किया था। नई बिल्डिंग का निर्माण पूरा होने के साथ छात्र अब बेहतर शैक्षणिक माहौल में पढ़ाई कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों ने कहा कि इन सुविधाओं ने स्कूल के अनुभव को बेहतर बनाया है और सुदूर सीमावर्ती गांव में रहने वाले बच्चों के लिए भविष्य की शैक्षिक संभावनाओं को मजबूत करने में मदद की है।