चक नॉरिस के निधन से टूटे अक्षय कुमार- मैं जो हूं, उसे गढ़ने वाले वही थे
क्या है खबर?
मार्शल आर्ट्स के दिग्गज और हॉलीवुड के सुपरस्टार चक नॉरिस के निधन से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि दुनियाभर में उनके चाहनेवाले भी बहुत दुखी हैं। चक के बड़े प्रशंसकों में से एक अक्षय कुमार ने भी उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी है। अक्षय ने उन्हें अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व का एक बड़ा हिस्सा चक नॉरिस की वजह से ही गढ़ा गया है। उन्हाेंने अपने पोस्ट में क्या कुछ लिखा, आइए जानते हैं।
श्रद्धांजलि
अक्षय ने मार्शल आर्ट्स गुरु चक नॉरिस को किया नमन
'भूत बंगला' की तैयारियों में जुटे अक्षय ने चक नॉरिस के निधन पर शोक जताते हुए लिखा, 'एक मार्शल आर्टिस्ट के रूप में बड़े होते हुए 'वे ऑफ द ड्रैगन' और 'मिसिंग इन एक्शन' जैसी फिल्मों में चक को देखना सिर्फ मनोरंजन नहीं था, बल्कि मेरे लिए एक शिक्षा की तरह था। उनका अनुशासन, ताकत और पर्दे पर उनकी सहज कमान हमेशा मेरे साथ रही। मैं उस प्रेरणा के लिए आभारी हूं, जिसने मेरे व्यक्तित्व का एक हिस्सा गढ़ा है।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Growing up as a martial artist, watching Chuck Norris in Way of the Dragon, Missing in Action and many more wasn’t just entertainment…it was education. The discipline, strength, and that effortless command he brought on screen stayed with me. Grateful for the inspiration that… pic.twitter.com/thAc1t26Hm
— Akshay Kumar (@akshaykumar) March 20, 2026
दुखद
परिवार ने की दिग्गज एक्शन स्टार चक नॉरिस के निधन की पुष्टि
बता दें कि 'वॉकर टेक्सास रेंजर' से मशहूर हुए चक का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ने शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को इस दुखद खबर की पुष्टि की। परिवार कहता है कि दुनिया उन्हें केवल एक 'एक्शन हीरो', 'मार्शल आर्टिस्ट' या 'ताकतवर इंसान' के रूप में जानती थी, लेकिन उनके लिए वो इससे कहीं बढ़कर थे। वो अपने परिवार की जान थे। अंतिम समय से चक अपने पूरे परिवार के साथ थे।
पोस्ट
परिवार ने फैंस के नाम लिखा ये संदेश
परिवार ने अपने पोस्ट में लिखा, '"दुनिया भर के फैंस का प्यार और साथ उनके लिए बहुत मायने रखता था। अपने परिवार की ओर से हम दिल से धन्यवाद करते हैं। आप उनके लिए सिर्फ फैंस नहीं, बल्कि दोस्त थे। हम जानते हैं कि कई लोगों ने उनके हाल में अस्पताल जाने की खबर सुनी होगी। उन सबकी प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए हम बहुत आभारी हैं। इस दुख की घड़ी में कृपया हमें निजता दें। आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद।'