अक्षय कुमार की 'मोहरा' 32 साल बाद फिर पर्दे पर लौटेगी, जानें कब होगी रिलीज
क्या है खबर?
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार और नसीरुद्दीन शाह की फिल्म 'मोहरा' 32 साल बाद एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। त्रिमूर्ति फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड ने इसकी पुष्टि की है। यह कल्ट क्लासिक एक्शन फिल्म दिवाली के हफ्ते में 6 नवंबर को बड़े पर्दे पर वापसी करेगी। दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला रणबीर कपूर और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' से होगा।
रिलीज
यह फिल्में भी होंगी फिर से रिलीज
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, दीपेंद्र सिंह की 'रिम्पी फिल्म्स इंटरनेशनल' फिल्म 'मोहरा' को 4K में दोबारा रिलीज कर रही है।
कंपनी पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर इसकी वापसी के संकेत दे रही थी। इंस्टाग्राम स्टोरीज से यह भी पता चला है कि कंपनी 'त्रिमूर्ति' के बैनर तले बनी अन्य यादगार फिल्मों को भी वापस लाने की योजना बना रही है।
इनमें 'विधाता' (1982), 'त्रिदेव' (1989), 'गुप्त' (1994) और 'युद्ध' (1985) शामिल हैं।
पसंद
बॉक्स ऑफिस पर 'मोहरा' को लोगों ने किया था खूब पसंद
फिल्म 'मोहरा' 1 जुलाई 1994 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट के साथ-साथ विजू शाह के सदाबहार संगीत को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
इसमें अक्षय और नसीरुद्दीन के अलावा सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, परेश रावल, गुलशन ग्रोवर, रजा मुराद और पूनम झावर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन राजीव राय ने किया था।