अक्षय कुमार की फिल्म 'वेडात मराठे वीर दौडले सात' पर नहीं लगा ताला, आया ये अपडेट
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की पहली मराठी फिल्म 'वेडात मराठे वीर दौडले सात' का ऐलान साल 2022 में किया गया था। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके 7 बहादुर योद्धाओं की ऐतिहासिक कहानी से प्रेरित है, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी महेश मांजरेकर ने उठाई थी। कई साल तक परियोजना पर कोई अपडेट न आने से इसके ताला बंद होने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब खबर है कि फिल्म डिब्बा बंद नहीं हुई, बल्कि पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है।
किरदार
छत्रपति शिवाजी के किरदार में दिखेंगे अक्षय कुमार
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सूत्र ने कहा, "फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है। थोड़ी देरी जरूर हुई है, लेकिन टीम पूरी लगन से फिल्म पर नियमित काम कर रही है।" उन्होंने कहा, "अक्षय ने फिल्म की शूटिंग 25 दिनों तक की और छत्रपति शिवाजी के किरदार में जान डाल दी है। महेश मांजरेकर ने फिल्म को भव्य पैमाने पर बनाया है। यह भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य फिल्मों में से एक बन गई है।"
रिलीज
फिल्म की रिलीज पर ये है अपडेट
फिल्म की रिलीज पर जानकारी देते हुए सूत्र ने कहा, "निर्माताओं ने अभी तक रिलीज की तारीख तय नहीं की है, लेकिन वह 1 जनवरी, 2027 की तारीख पर विचार कर रहे हैं। निर्माताओं द्वारा रिलीज की तारीख तय होते ही आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।" फिल्म में अक्षय के अलावा, मांजरेकर के बेटे सत्या मांजरेकर, प्रवीण तारडे, जय दुधाने, हार्दिक जोशी, विशाल निकम, और विराट मडके जैसे सितारे हैं। यह हिंदी, मराठी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।