अक्षय कुमार-राणा दग्गुबाती को साथ लाएंगे भंसाली? पौराणिक फिल्म बनाने की तैयारी
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली ने बॉलीवुड और साउथ को एक साथ लाने की तैयारी कर ली है। खबरों के मुताबिक, भंसाली प्रोडक्शंस एक भव्य पौराणिक फिल्म 'महाकाल' का निर्माण कर रहा है। इसमें अक्षय कुमार और राणा दग्गुबाती को मुख्य किरदार निभाते देखा जाएगा। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता चंदू मोंडेटी को दी गई है। बता दें, अक्षय और राणा पहले भी फिल्म 'बेबी' (2015) में एक-दूसरे के साथ स्क्रीन साझा कर चुके हैं।
परियोजना
अलौकिक थ्रिलर के रूप में प्रस्तुत होगी 'महाकाल'
गुल्टे की रिपोर्ट के मुताबिक, भंसाली को साउथ की फिल्म 'कार्तिकेय 2' का निर्देशन कर चुके मोंडेटी का काम बहुत पसंद आया था। इसलिए उन्होंने 'महाकाल' के लिए उनसे संपर्क किया।
चूकि भंसाली खुद 'लव एंड वॉर' में व्यस्त चल रहे हैं, इसलिए उन्होंने फिल्म की जिम्मेदारी मोंडेटी को दी है।
यह फिल्म एक भव्य पैमाने पर निर्मित पौराणिक नाटक बताया जा रहा है, जिसकी शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा वाराणसी में फिल्माए जाने की उम्मीद है।
कहानी
किरदारों के बारे में विवरण आना बाकी
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि फिल्म की कहानी किसी एक विशिष्ट देवता के इर्द-गिर्द नहीं घूमेगी, बल्कि इसमें हिंदू पुराणों के कई संदर्भ और दिव्य चरित्र भी शामिल होंगे।
इसके अलावा, अक्षय और राणा द्वारा निभाए जाने वाले किरदारों के बारे में अन्य विवरण अभी गुप्त रखे गए हैं।
फिलहाल, इस परियोजना को लेकर भंसाली प्रोडक्शन या अभिनेताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।