'वेलकम टू द जंगल' से क्यों बाहर हुए थे संजय दत्त? अहमद खान ने बताई वजह
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की सफलता के चर्चे सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इसने रिलीज के सिर्फ 4 दिनाें के अंदर विश्व स्तर पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, फिल्म के प्राेमो में दिखाए गए संजय दत्त फिल्म से गायब दिखे जिसके चलते लोगों के मन में कई सवाल हैं। अब निर्देशक अहमद खान ने अभिनेता के फिल्म से बाहर होने के पीछे की वजह बताई है।
कारण
तारीख की समस्या के कारण छोड़नी पड़ी फिल्म
न्यूज 18 से बातचीत में, निर्देशक ने कारण बताते हुए कहा, "संजू बाबा को स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई और वो फिल्म का हिस्सा बनना चाहते थे। फिल्म में उनके इतने सारे दोस्त थे- जग्गू दादा (जैकी श्रॉफ), अक्षय वगैरह" उन्होंने बताया कि अभिनेता को फिल्म इसलिए छोड़नी पड़ी, क्योंकि शूटिंग की तारीखों में दिक्कत थी। उन्हें इलाज कराने के लिए अमेरिका जाना था। नतीजन, उनकी मेडिकल यात्रा के अनुसार इतने बड़े अभिनेताओं के शेड्यूल को समायोजित करना असंभव था।
बदलाव
सुनील शेट्टी को कर लिया कास्ट
अहमद ने बताया कि संजय ने सीधे सुनील शेट्टी को फोन किया और उन्हें उस किरदार को निभाने के लिए राजी कर लिया जो मूल रूप से उनके लिए लिखा गया था। फिर जैकी को सुनील के लिए निर्धारित किरदार निभाने के लिए राजी कर लिया। उन्हाेंने कहा, "उन्होंने अपनी अनुपलब्धता का समाधान निकाला। हम इसके लिए बाबा के हमेशा आभारी रहेंगे।" बता दें, फिल्म में दिशा पाटनी, रवीना टंडन और अरशद वारसी समेत 20 से ज्यादा कलाकार मौजूद हैं।