Page Loader
'सैम बहादुर' समेत विक्की कौशल ने इन फिल्मों में भरा देशभक्ति का जज्बा
ये हैं विक्की कौशल की देशभक्ति फिल्में

'सैम बहादुर' समेत विक्की कौशल ने इन फिल्मों में भरा देशभक्ति का जज्बा

Oct 12, 2023
12:53 pm

क्या है खबर?

विक्की कौशल बीते दिनों फिल्म 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' में नजर आए थे। अब वह अपनी आने वाली फिल्म 'सैम बहादुर' के लिए चर्चा में हैं। फिल्म से विक्की का नया पोस्टर सामने आया है और इसका प्रचार शुरू हो गया है। इससे पहले भी विक्की कई देशभक्ति फिल्मों में नजर आ चुके हैं, जिनमें उनका जोश खूब पसंद किया गया है। आइए, नजर डालते हैं उन देशभक्ति फिल्मों पर जिनका विक्की हिस्सा रहे हैं।

#1

'सरदार उधम' 

'सरदार उधम' 2021 में अमेजन प्राइम वीडियो पर आई थी। फिल्म में विक्की ने सरदार उधम सिंह का किरदार निभाया, जिन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेने के लिए एक ब्रिटिश अधिकारी को गोली मार दी थी। इस फिल्म का निर्देशन शूजित सरकार ने किया है। सरदार उधम में विक्की के अलावा अमोल पाराशर, बनिता संधू भी नजर आए थे। इस फिल्म के लिए विक्की ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए कई पुरस्कार अपने नाम किए थे।

#2

'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक'

'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' विक्की की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है। निर्देशक आदित्य धर की यह फिल्म 2019 में आई थी और हर तरफ छा गई थी। यह फिल्म 2016 में भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित है। फिल्म में विक्की ने मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था। जब फिल्म रिलीज हुई तो हर तरफ उनका डायलॉग "हाऊ इज द जोश?" छा गया था। यह फिल्म ZEE5 और अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#3

'राजी'

'राजी' का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया था। यह फिल्म भारतीय जासूस सहमत की कहानी है, जिसका किरदार आलिया भट्ट ने निभाया था। फिल्म में विक्की ने सहमत के पाकिस्तानी पति इकबाल सईद का किरदार निभाया था। इकबाल एक पाकिस्तानी सैन्य अफसर है। फिल्म में एक मोड़ पर इकबाल और सहमत का प्यार और अपने-अपने देश के लिए उनका समर्पण आमने-सामने खड़े हो जाते हैं। 'राजी' को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

#4

'सैम बहादुर'

'राजी' के बाद ही मेघना गुलजार ने विक्की के साथ अपनी अगली फिल्म 'सैम बहादुर' बनाने की जानकारी दी थी। इस फिल्म में विक्की फील्ड मार्शल शैम मानेकशॉ का किरदार निभाएंगे। मानेकशॉ ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की जीत में अहम योगदान दिया था। फिल्म में विक्की के साथ सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख नजर आएंगी। हाल ही में फिल्म से विक्की की नई झलक आई है। यह फिल्म 1 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।

#5

'छावा'

विक्की इन दिनों अपनी फिल्म 'छावा' के लिए भी चर्चा में हैं। लक्ष्मण उतेकर की इस फिल्म में विक्की छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे संभाजी राजे का किरदार निभा रहे हैं। इस किरदार के लिए विक्की ने तलवारबाजी और घुड़सवारी की ट्रेनिंग ली है। उन्होंने 10-12 किलो वजन भी बढ़ाया है। यह मराठा शूरवीरों की गाथा है। माना जाता है कि संभाजी राजे ने अपने समय में तकरीबन 210 युद्ध लड़े थे।

पोल

आपको इनमें से विक्की की आने वाली किस फिल्म का इंतजार है?