विक्रम भट्ट की '1920' फ्रैंचाइजी में शामिल हुए अहान शेट्टी, अगली फिल्म से मचाने आएंगे तहलका
क्या है खबर?
बॉलीवुड निर्देशक विक्रम भट्ट हॉरर फिल्में बनाने में बखूबी माहिर हैं। इसी साल उनकी फिल्म 'हॉन्टेड 3D' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई। इसके तुरंत बाद ही उन्होंने अपनी अगली फिल्म '1920: कोल्ड विंटर' का ऐलान किया था। ताजा अपडेट है कि 'बॉर्डर 2' के अभिनेता अहान शेट्टी इस हॉरर फिल्म से जुड़ गए हैं। ये पहला मौका होगा जब वह भूत-प्रेतों पर आधारित फिल्म के जरिए दर्शकों के बीच आएंगे।
परियोजना
फिल्म की कहानी पर चल रहा है काम
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, अहान ने '1920: कोल्ड विंटर' में काम करने के लिए हामी भर दी है, जो लंबे समय से चल रही '1920' फ्रैंचाइजी की 6वीं कड़ी है। इसकी स्क्रिप्टिंग पर काम चल रहा है।
एक सूत्र ने कहा, "अलौकिक शैली में अहान का यह पहला अनुभव होगा। रोमांटिक एक्शन ड्रामा 'तड़प' से शुरुआत करने के बाद, वह विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभाना चाहते हैं। इसीलिए वह अलग-अलग शैलियों की फिल्मों का सावधानीपूर्वक चयन कर रहे हैं।"
शूटिंग
इसी साल से शुरू हो जाएगा शूटिंग का काम
रिपोर्ट के अनुसार, विक्रम और निर्माता आनंद पंडित फिल्म की मुख्य अभिनेत्री की तलाश कर रहे हैं। वह नए चेहरे की बजाए, किसी जानी-मानी अभिनेत्री को लेना चाहते हैं।
अगर सबकुछ योजना के हिसाब से रहा तो फिल्म की शूटिंग इसी साल नवंबर में शुरू हो सकती है।
इससे पहले, निर्माता-निर्देशक की जोड़ी लोकेशन देखने के लिए स्कॉटलैंड जाएगी। फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग मध्य प्रदेश के शिमला में भी होने की संभावना है।