Loading...
दिलजीत दोसांझ अब गुजरात में घिरे, 'पटियाला पेग' समेत इन 4 गानों पर गिरी गाज
अब गुजरात में दिलजीत दोसांझ पर सख्ती, इन गानों पर आपत्ति

दिलजीत दोसांझ अब गुजरात में घिरे, 'पटियाला पेग' समेत इन 4 गानों पर गिरी गाज

Nov 13, 2026
01:13 pm

क्या है खबर?

इंदौर के बाद अब दिलजीत दोसांझ का अहमदाबाद कॉन्सर्ट भी जांच के दायरे में आ गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) ने पुलिस से ये सुनिश्चित करने को कहा है कि गायक 21 नवंबर के शो में कुछ खास गाने न गाएं। ये कदम चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद उठाया गया है, जो शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर लगातार आपत्ति जताते रहे हैं।

शिकायत

'नशा मुक्त भारत अभियान' का हवाला देकर पुलिस को लिखा पत्र

5 नवंबर को पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में DCPO ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले शो से 4 गाने हटाने को कहा है।

इनमें 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जीभ विचों फीम लब्बिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी' शामिल हैं।

केंद्र के 'नशा मुक्त भारत अभियान' का हवाला देते हुए कहा गया है कि शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले गानों की अनुमति न दी जाए, भले ही उनके बोल बदल दिए जाएं।

मांग

स्टेज पर बच्चों को न बुलाने की मांग

पत्र में 22 जुलाई, 2019 के पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश का हवाला दिया गया है, जिसमें बच्चों पर बुरे असर के कारण लाइव शो में शराब, ड्रग्स और हिंसा वाले गानों पर रोक की बात कही गई थी।

शिकायत में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें स्टेज पर न बुलाने की मांग की गई है, क्योंकि तेज आवाज और चमकती लाइटों से उनकी सुनने की क्षमता को नुकसान पहुंच सकता है और उन्हें दौरे भी पड़ सकते हैं।

ADVERTISEMENT

रोक

नकली कारतूस और बुलेट बेल्ट पहनने पर भी लग सकती है रोक

इसके अलावा DCPO ने पुलिस से दिलजीत को सीने पर चांदी की दो क्रॉस बुलेट बेल्ट या नकली कारतूस पहनने से रोकने का अनुरोध किया है। शिकायत के अनुसार, ऐसा दिखावा 'गन कल्चर' और दर्शकों में हिंसक व्यवहार को बढ़ावा दे सकता है।

बता दें कि ये कदम इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले इसी तरह की पाबंदियों की मांग किए जाने के कुछ ही दिनों बाद उठाया गया है।

ADVERTISEMENT

विवाद

इंदौर से हैदराबाद तक दिलजीत के गानों पर आपत्ति

इंदौर में भी बाल संरक्षण अधिकारी ने C21 मॉल प्रबंधन को ये चारों गाने न बजाने के निर्देश दिए थे। ये कार्रवाई भी धरेनवर की शिकायत पर हुई थी, जो दिलजीत के शो में शराब, ड्रग्स और हिंसा वाले गानों पर लगातार आपत्ति जताते रहे हैं।

इससे पहले 2024 में हैदराबाद शो के दौरान उनकी शिकायत पर तेलंगाना प्रशासन ने आयोजकों को नोटिस भेजा था, जिसके बाद दिलजीत ने '5 तारा' और 'लेमोनेड' जैसे गानों के बोल बदलकर गाए थे।

ADVERTISEMENT