आदित्य रॉय कपूर और मिलाप जावेरी की नई फिल्म का ऐलान, रोमांस के साथ मचेगा कत्लेआम
क्या है खबर?
अभिनेता आदित्य रॉय कपूर एक बार फिर पर्दे पर तबाही मचाने के लिए तैयार हैं। 'आशिकी 2' में अपनी रोमांटिक और टूटे हुए दिल की छवि से दर्शकों को दीवाना बनाने वाले आदित्य अब एक अनोखे अंदाज में नजर आएंगे। उन्होंने 'एक दीवाने की दीवानियत' बनाने वाले निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी से हाथ मिला लिया है। इस फिल्म में रोमांस और संगीत के साथ-साथ जबरदस्त एक्शन और खून-खराबा भी देखने को मिलेगा।
ऐलान
'आशिकी 2' के बाद फिर टूटेगा दिल
आदित्य जल्द ही मिलाप की एक गहन, हिंसक और म्यूजिकल लव स्टोरी में मुख्य भूमिका निभाएंगे। जावेरी बोले, "आदित्य में हमेशा से प्यार को पूरी ईमानदारी और भावनात्मक गहराई के साथ पर्दे पर उतारने की एक दुर्लभ खूबी रही है। 'आशिकी 2' के बाद से ही दर्शक उनसे जुनून और दिल टूटने वाली कहानियों में जुड़ाव महसूस करते आए हैं। ये किरदार भावनात्मक रूप से बेहद जटिल है और इसके लिए मुझे उनसे बेहतर कोई और नहीं सूझ सकता था।"
सहयोग
भूषण कुमार और आदित्य रॉय कपूर फिर आए साथ
'आशिकी 2', 'मलंग', 'लूडो' और 'मेट्रो इन दिनों' के बाद निर्माता भूषण कुमार आदित्य के साथ फिर वापसी कर रहे हैं। जबरदस्त रोमांस, जोरदार एक्शन और दिल को छू लेने वाले संगीत के मिश्रण से सजी यह फिल्म प्यार को उसके सबसे जुनूनी रूप में पेश करेगी। एक बार फिर साथ आने पर भूषण कुमार ने कहा, "आदित्य के साथ हमारा जुड़ाव कई साल पुराना है, जिसने हमें ऐसी फिल्में दी हैं जिन्हें दर्शक आज भी बेहद प्यार करते हैं।"
शूटिंग
कब शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
भूषण ने कहा, "आशिकी 2' से लेकर 'मेट्रो... इन दिनों' तक, हमारा हर सहयोग अपने आप में बेहद खास रहा है। हमारे बीच एक बेहतरीन रचनात्मक तालमेल है, और मुझे खुशी है कि हम एक बार फिर एक ऐसी कहानी के लिए साथ आ रहे हैं, जो गहन है, भावनात्मक है और जिसे काफी बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है।" फिल्म की शूटिंग इसी साल के अंत में शुरू होने वाली है।
फिल्म
एक्शन, संगीत और डायलॉगबाजी का लगेगा तड़का
ये फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जावेरी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'इस बार आशिकी पूरी दीवानगी से होगी। अपनी नई फिल्म की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।' उन्होंने बताया, "दर्शक आदित्य को अब तक के सबसे दमदार और रोमांटिक रोल में देखेंगे। 'सत्यमेव जयते' और 'मरजावां' जैसी फिल्मों के बाद मैं निर्माता भूषण कुमार के साथ फिर जुड़कर बेहद खुश हूं। 2027 में धमाकेदार एक्शन, संगीत, डायलॉगबाजी और रोमांस के लिए तैयार रहें।"