Page Loader
कड़वे मोड़ पर टूटे रिश्ते, इन अभिनेत्रियों ने पार्टनर पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप
घरेलू हिंसा का शिकार रह चुकी हैं ये अभिनेत्रियां (फोटो: इंस्टाग्राम/@shweta.tiwari)

कड़वे मोड़ पर टूटे रिश्ते, इन अभिनेत्रियों ने पार्टनर पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप

Jul 03, 2022
06:30 pm

क्या है खबर?

सुष्मिता सेन के भाई राजीव सेन और टीवी अभिनेत्री चारू असोपा के तलाक की बात सामने आने से यह जोड़ी सुर्खियों में है। दोनों शादी के महज तीन साल बाद ही तलाक ले रहे हैं। इसके साथ ही दोनों एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

इससे पहले भी कई सेलिब्रिटी कपल ने बेहद कड़वे मोड़ पर अपना रिश्ता खत्म किया है।

कई अभिनेत्रियां घरेलू हिंसा का भी शिकार हुईं, जिसके बाद वह अपने रिश्ते से बाहर आ गईं।

#1

निशा रावल

चर्चित टीवी कपल निशा रावल और करण मेहरा ने 2012 में शादी की थी। दोनों को ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन काफी पसंद किया जाता रहा है। हालांकि, पिछले साल दोनों के बीच अलगाव ने सबको हैरान कर दिया।

मई 2021 में निशा ने करण पर मारपीट का आरोप लगाया। वह घायलावस्था में ही शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंची थीं। इसके बाद उन्होंने मीडिया में भी अपनी चोट दिखाई। उन्होंने करण पर अवैध संबंध का भी आरोप लगाया था।

#2

श्वेता तिवारी

श्वेता तिवारी ने 1998 में राजा चौधरी से शादी की थी। तब वह 18 साल की थीं। साल 2000 में उन्होंने बेटी पलक को जन्म दिया। हालांकि, राजा और श्वेता के रिश्ते में कड़वाहट बढ़ती रही। श्वेता ने राजा पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। 2007 में दोनों ने तलाक ले लिया।

2013 में श्वेता ने अभिनव कोहली के साथ फिर से घर बसाया, लेकिन एक बार फिर वह घरेलू हिंसा का शिकार हुईं और यह रिश्ता टूट गया।

#3

डिंपी गांगुली

डिंपी और राहुल महाजन ने साल 2009 में एक रिएलिटी शो में शादी रचाई थी। 'राखी का स्वयंवर' के सीक्वल 'राहुल दुल्हनिया ले जाएगा' में दोनों ने शादी की थी। शुरू में दर्शकों को लगा था कि यह शो स्क्रिप्टेड है।

शादी के करीब पांच साल बाद डिंपी अपनी चोट दिखाते हुए राहुल के घर से चली गईं। उन्होंने राहुल पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था।

#4

रश्मि देसाई

अभिनेत्री रश्मि देसाई ने साल 2012 में 'उतरन' को-स्टार नंदीश संधु से शादी की थी। दोनों की ऑफ स्क्रीन और ऑनस्क्रीन जोड़ी को काफी पसंद किया जाता था। रश्मि और नंदीश रिएलिटी शो 'नच बलिए' में भी साथ नजर आए थे।

यह चर्चित जोड़ी शादी के तीन साल बाद ही अलग हो गई। उस वक्त दोनों ही स्टार्स ने इस पर कुछ खास नहीं कहा था। बाद में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके बीच हिंसा की बात सामने आई थी।

#5

मंदाना करीमी

मंदाना करीमी में मॉडल के तौर पर पर्दे पर दस्तक दी थी। करियर की शुरुआत में उन्होंने कई टीवी विज्ञापनों में काम किया था। 2015 में 'बिग बॉस 9' से वह काफी लोकप्रिय हुई थीं। वह इस शो की फाइनलिस्ट भी रही थीं।

मार्च 2017 में मंदाना ने अपने बॉयफ्रेंड और मुंबई बेस्ड बिजनसमैन गौरव अरोड़ा से शादी की थी। हालांकि, जुलाई 2017 में ही उन्होंने गौरव और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी।