अभिनेत्री अनन्या राज का 27 की उम्र में निधन, नींद में ही थमीं सांसें
क्या है खबर?
बॉलीवुड और तेलुगू फिल्मों में काम कर चुकीं 27 वर्षीय अभिनेत्री अनन्या राज अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनका 15 जुलाई को निधन हो गया था। वो पिछले 1 साल से अधिक समय से शारीरिक और मानसिक अस्वस्थता से जूझ रही थीं। परिवार ने दिवंगत अभिनेत्री के इंस्टाग्राम हैंडल से एक आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अनन्या ने नींद में ही अंतिम सांस ली।
दुखद
1 साल से शारीरिक-मानसिक तकलीफ में थीं अनन्या
अनन्या के परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक बयान साझा करते हुए निजता बनाए रखने की अपील की।
परिवार ने लिखा, 'अत्यंत दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि 15 जुलाई की तड़के अनन्या का निधन हो गया था। उन्होंने नींद में ही शांति से अंतिम सांस ली। पिछले 1 साल से भी अधिक समय से वो शारीरिक और मानसिक अस्वस्थता से जूझ रही थीं और उन्होंने एक योद्धा की तरह इससे उबरने की लड़ाई लड़ी।'
पोस्ट
महारानी की तरह जीती थी हमारी बच्ची- परिवार
परिवार ने आगे लिखा, 'अनन्या एक मजबूत इरादों वाली लड़की थी और महारानी की तरह जीती थी। बच्चा, तुम्हारी कमी हमेशा महसूस होगी। हम आप सभी से उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील करते हैं और इस कठिन समय में निजता की उम्मीद करते हैं।'
इस खबर से अनन्या के प्रशंसक हैरान हैं और इस पर दुख जाहिर कर रहे हैं।
एक फैन ने लिखा, 'आपकी आत्मा को शांति मिले। ये खबर स्तब्ध करने वाली है।'
करियर
हिंदी सिनेमा से लेकर साउथ तक बिखेरा जलवा
मुंबई से ताल्लुक रखने वाली अभिनेत्री अनन्या राज ने साल 2016 में फिल्म '7 आवर्स टू गो' से अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने 'द फाइनल एग्जिट' (2017) और 'घोस्ट' (2019) जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया। हिंदी सिनेमा के बाद उन्होंने तेलुगू इंडस्ट्री की रुख किया, जहां वो 'थग्गेदे ले' और हिट फिल्म 'मद्रासी गैंग' में अश्मित पटेल और अध्ययन सुमन के साथ नजर आईं।
सोशल मीडिया पर उनके 2.75 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे।