LOADING...
सैफ अली खान हमले के बाद अस्तपाल में भर्ती, पुलिस ने बताया पूरा मामला
अभिनेता सैफ अली खान पर हमला हुआ है

सैफ अली खान हमले के बाद अस्तपाल में भर्ती, पुलिस ने बताया पूरा मामला

संपादन नेहा शर्मा
Jan 16, 2025
08:38 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड जगत में आज सुबह अभिनेता सैफ अली खान पर हमले की खबर से सनसनी फैल गई। घर में घुसे अज्ञात व्यक्ति ने उन पर तड़के करीब 3 बजे चाकू से हमला कर दिया। उनके शरीर पर 2-3 बार वार किए गए, जिसके बाद घायल बॉलीवुड स्टार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला किसने और क्यों किया, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। इस दौरान उनकी पत्नी और बच्चे घर पर ही मौजूद थे।

बयान

मुंबई पुलिस ने जारी किया बयान

मुंबई पुलिस ने बताया, "कल देर रात एक अज्ञात व्यक्ति अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुस गया। इस दौरान उसकी घर की नौकरानी से बहस हुई। जब अभिनेता ने दखल देने और उस शख्स को शांत करने की कोशिश की तो उसने अभिनेता पर हमला कर दिया। मुंबई पुलिस के DCP ने कहा कि सैफ के घर में एक अज्ञात शख्स घुस आया था। हमलावर के साथ उनकी हाथापाई हो गई, जिसके बाद अभिनेता जख्मी हो गए।

हिरासत

3 लोग पुलिस की हिरासत में

बता दें कि पुलिस ने सैफ के घर में काम करने वाले 3 लोगों को हिरासत में लिया है। तीनों को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस उन्हें पुलिस स्टेशन लेकर गई है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी। दरअसल, हमला सबसे पहले उनकी नौकरानी पर किया गया था। उनके बीच हो रही हाथापाई की आवाज सुनकर सैफ अपने कमरे से बाहर आए जिसके बाद हमलावर ने उन पर हमला कर दिया।

Advertisement

बयान

क्या बोली करीना कपूर की टीम?

सैफ की पत्नी करीना कपूर की टीम ने बयान जारी कर कहा, सैफ अली खान और करीना कपूर खान के घर में बीती रात चोरी की कोशिश हुई। सैफ के हाथ में चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए वह अस्पताल में हैं। उनके परिवार के बाकी सदस्य सुरक्षित हैं। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वे धैर्य रखें। कोई अटकलें न लगाएं, क्योंकि पुलिस जांच कर रही है। चिंता के लिए आप सभी का धन्यवाद "

Advertisement

घटना

बच्चों के कमरे में हुई ये घटना

सूत्रों के मुताबिक, सैफ के साथ यह घटना उनके बच्चों के कमरे के अंदर हुई थी। पुलिस जांच कर रही है कि हमलावर अभिनेता के घर तक कैसे पहुंचा। चौकीदारों ने किसी को भी बिल्डिंग में प्रवेश करते नहीं देखा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सैफ का घर मुंबई स्थित बांद्रा के रिहायशी इलाके में है। उनके घर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी हैं। ऐसे में उनके घर में चोरी करने की घटना काफी हैरान करने वाली हैं।

हालत 

सैफ की अस्पताल में हो रही सर्जरी 

लीलावती अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नीरज उत्तमानी ने खान की स्थिति पर को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि उन्हें सुबह 3:30 बजे 6 चोटों के साथ लाया गया, जिनमें से 2 अधिक गहरी थीं। इनमें से एक घाव उनकी रीढ़ की हड्डी के पास है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि चिकित्सक उनकी सर्जरी कर रहे हैं और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।

Advertisement