Page Loader
दीपिका पादुकोण ने कब-कब बढ़ाया दुनियाभर में भारत का मान? ये बड़ी उपलब्धियां की नाम 
दीपिका पादुकोण ने कब-कब किया भारत को गौरवान्वित? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@deepikapadukone)

दीपिका पादुकोण ने कब-कब बढ़ाया दुनियाभर में भारत का मान? ये बड़ी उपलब्धियां की नाम 

Jul 03, 2025
11:24 am

क्या है खबर?

दीपिका पादुकोण बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने बाहरी होने के बावजूद हिंदी सिनेमा में खूब नाम कमाया है। न सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि हॉलीवुड में भी वो अपनी कामयाबी का डंका पीट चुकी हैं। उन्होंने अपने करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। हाल ही में हॉलीवुड की प्रतिष्ठित 'वॉक ऑफ फेम' सूची में उनका नाम शामिल किया गया है। आइए एक नजर डालते हैं दीपिका की अब तक की बड़ी उपलब्धियों पर।

#1

ऑस्कर में किया था भारत का प्रतिनिधित्व 

मार्च 2023 में दीपिका ने 95वें ऑस्कर समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जो उस साल के सबसे यादगार और ऐतिहासिक पलों में से एक था। दीपिका ने प्रतिष्ठित ऑस्कर स्टेज पर एकमात्र भारतीय के रूप में आकर स्पीच दी। वह न केवल ऑस्कर मंच पर एकमात्र भारतीय प्रेजेंटर थीं, बल्कि ऑस्कर में सबसे चर्चित हस्तियों में से एक भी बन गईं। उनकी शान, शैली और बोलने की कला ने दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीत लिया।

#2

एकेडमी म्यूजियम गाला में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री

दीपिका साल 2023 में 'एकेडमी म्यूजियम गाला' में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनी थीं। यह इसलिए खास है, क्योंकि ऑस्कर के बाद यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मंच है, जो एक ही बोर्ड द्वारा आयोजित किया जाता है। लिहाजा दीपिका ने फिर देश को गर्व महसूस कराने का मौका दिया। साल की शुरुआत में ऑस्कर और फिर ऑस्कर के बाद दूसरे सबसे बड़े मंच पर जाकर अभिनेत्री ने भारत का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया था।

#3

कान्स में संभाली ये जिम्मेदारी

दीपिका को साल 2022 में कान्स फिल्म फेस्टिवल के जूरी सदस्यों की सूची में शामिल किया गया था, जो कि अपने आप में एक बड़ा सम्मान है। कान्स फेस्टिवल पूरी दुनिया के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में से एक है। दीपिका ने इससे जुड़कर कहा था कि वह बेहद खुश और उत्साहित हैं कि उन्हें दुनियाभर में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। यह उनकी ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जीत है।

#4

FIFA विश्व कप में निभाई ये बड़ी जिम्मेदारी

दीपिका ने 2022 में कतर में हुए FIFA विश्व कप में भी एक बड़ी जिम्मेदारी निभाई थी और इसी के साथ एक और उपलब्धि उनके खाते से जुड़ गई थी। भारत को फिर से गौरवान्वित करते हुए दीपिका FIFA विश्व कप ट्रॉफी से पर्दा उठाने वाली पहली भारतीय बनी थीं। इस ट्रॉफी को कुछ खास लोग ही छू सकते हैंं। उन खास लोगों में दीपिका का नाम शामिल हो गया, जो पूरे भारत के लिए एक यादगार पल बन गया।

#5

दुनिया की सबसे खूबसूरत महिलाओं में शामिल

हर महिला खूबसूरत होती है, बस उसे देखने का नजरिया खास होना चाहिए. लेकिन साइंस के मुताबिक भी सुंदरता को मापा जा सकता है। इसके लिए 'गोल्डन रेशियो' का इस्तेमाल होता है, जिससे चेहरे के आकार के आधार पर सुंदरता का वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जाता है। 'गोल्डन रेशियो ऑफ ब्यूटी' के अनुसार दुनिया की टॉप 10 सबसे खूबसूरत महिलाओं की सूची में दीपिका एकमात्र भारतीय बनीं। कुल मिलाकर दीपिका ने भारत को गर्व करने के कई कारण दिए हैं।