दीपिका पादुकोण ने फिर किया भारत का नाम रोशन, विदेश में मिलेगा ये खास सम्मान
क्या है खबर?
दीपिका पादुकोण ने हॉलीवुड में भी खूब नाम कमाया है। वह कई बार विदेशों में भारत का मान बढ़ा चुकी हैं और अब फिर उन्होंने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिसके चलते वह फिर दुनियाभर में छा गई हैं। दरअसल, हॉलीवुड की प्रतिष्ठित 'वॉक ऑफ फेम' लिस्ट में उनका नाम शामिल कर लिया गया है। हॉलीवुड चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने उन्हें यह सम्मान दिया है। इसी के साथ दीपिका ने एक बार फिर भारत को गर्व महसूस कराया है।
नाम
35 विदेशी हस्तियों के बीच चमकीं दीपिका
दीपिका ने न सिर्फ नई पीढ़ी की अदाकाराओं को पीछे छोड़ा है, बल्कि प्रियंका चोपड़ा जैसी ग्लोबल स्टार को पछाड़कर खुद को एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया है। साल 2026 के लिए घोषित 'हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम' की लिस्ट में दीपिका दुनियाभर के उन 35 दिग्गजों में शामिल हैं, जिन्हें मोशन पिक्चर्स की श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। इस सूची में उनके साथ हॉलीवुड सुपरस्टार टिमोथी चालमेट, डेमी मूर, राशेल मैकऐड्म्स और एमिली ब्लंट जैसे कई बड़े नाम हैं।
पहचान
हॉलीवुड में दमदार छाप छोड़ चुकीं दीपिका
दीपिका ने फिल्म 'XXX: रिटर्न ऑफ जेंडर केज' से हॉलीवुड में काम कर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था। साल 2018 में टाइम मैगजीन ने दीपिका को दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों में शामिल किया था। उन्हें TIME100 इम्पैक्ट अवॉर्ड भी मिला। दीपिका FIFA विश्व कप एक बड़ी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। अभिनेत्री FIFA विश्व कप ट्रॉफी से पर्दा उठाया था। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय थीं। वह ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।
वॉक ऑफ फेम
है क्या हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम?
अब वॉक ऑफ फेम का हिस्सा बनकर दीपिका ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति और भी मजबूत कर ली है। बता दें ये एक विशेष सम्मान है, जो हॉलीवुड बुलेवार्ड पर उन कलाकारों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया हो। इसका हिस्सा बनना किसी भी कलाकार के लिए एक ऐतिहासिक पल होता है। दीपिका इसमें शामिल होने वाली इकलौती भारतीय अभिनेत्री हैं, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी बात है।
आगामी फिल्में
दीपिका की आने वाली फिल्में
दीपिका जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'किंग' में नजर आएंगी। इस फिल्म में शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ काम कर रहे हैं। पठान वाले सिद्धार्थ आनंद इसके निर्देशक हैं, वहीं अभिषेक बचचन इसमें विलेन बने हैं। इसके अलावा दीपिका ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' के बाद एक बार फिर साउथ के मशहूर निर्देशक एटली के साथ एक एक्शन फिल्म करने वाली हैं, जिसमें पहली बार उनकी जोड़ी साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ बनी है।