अभिषेक बच्चन पहली बार हॉरर फिल्म में लगाएंगे तड़का, ये निर्देशक लगाएगा बड़ा दांव
क्या है खबर?
अभिनेता अभिषेक बच्चन ने अपने फिल्म करियर में एक्शन, काॅमेडी और ड्रामे से भरपूर कई फिल्में की हैं। अब पहली बार उन्हें किसी भूतिया, यानी हॉरर शैली की फिल्म में तड़का लगाते हुए देखा जाएगा। इस तरह की फिल्म का हिस्सा बनना न सिर्फ अभिनेता के लिए बिल्कुल अलग अनुभव होगा, बल्कि फैंस के लिए भी काफी रोमांचक साबित होगा। बताया जाता है कि मशहूर निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने फिल्म को बनाने की जिम्मेदारी उठाई है।
कहानी
लोककथाओं पर आधारित होगी फिल्म की कहानी
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक और सिद्धार्थ लोककथाओं पर आधारित एक हॉरर-थ्रिलर फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं, जिसका शीर्षक तय होना बाकी है। इसकी कहानी पिता-पुत्री के भावनात्मक रिश्ते पर केंद्रित होगी। फिल्म का निर्माण सिद्धार्थ की मार्फ्लिक्स बैनर के तले किया जाएगा जो बड़े पैमाने पर निर्मित और विजुअल इफेक्ट्स से भरपूर होगी। निर्माताओं का मकसद अधिकतर इस शैली की भारतीय फिल्मों से हटकर दर्शकों को एक अनूठा थिएटर अनुभव प्रदान करना है।
शूटिंग
फिल्म की शूटिंग इस साल से शुरू करने का लक्ष्य
रिपोर्ट के मुताबिक, सिद्धार्थ की योजना फिल्म को एक गंभीर और डरावने स्तर पर बनाने की है। वह चाहते हैं कि दर्शक सिनेमाघरों में फिर से उस 'शुद्ध डर' का अनुभव हासिल कर सकें जो हालिया कुछ साल में सिर्फ हॉरर-कॉमेडी तक सीमित रह गया है। फिल्म की शूटिंग इसी साल सितंबर महीने से शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल, सिद्धार्थ आगामी फिल्म 'किंग' में व्यस्त चल रहे हैं जिसमें शाहरुख खान मुख्य किरदार में हैं।