मलयालम स्टार उन्नी मुकुंदन पर मानहानि के आरोप, 7 करोड़ का नुकसान और आपसी विवाद ने पकड़ा तूल
मलयालम अभिनेता उन्नी मुकुंदन पर लेखक अभिलाष पिल्लई और निर्देशक विष्णु शशि शंकर को अपमानित करने के आरोप लग रहे हैं। ये पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब फिल्म 'सुमति वालावु' के निर्माता मुराल कुन्नुम्पुरथु ने दावा किया कि इस फिल्म की शूटिंग की वजह से उन्हें करीब 7 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके जवाब में अभिलाष पिल्लई और विष्णु शशि शंकर का कहना है कि उन्नी मुकुंदन उनके बारे में नकारात्मक बातें फैला रहे हैं। उनका आरोप है कि यह सब तब से हो रहा है, जब से दोनों ने 'मलिक्कपुरम' फिल्म में साथ काम किया था और अब उनके बीच का कामकाजी रिश्ता काफी बिगड़ गया है।
पिल्लई और शंकर ने 7 करोड़ के दावे को नकारा
अभिलाष पिल्लई और विष्णु शशि शंकर ने 7 करोड़ के नुकसान के दावे को गलत बताया है। उनका कहना है कि निर्माता मुराल कुन्नुम्पुरथु के पास 'सुमति वळवु' के लिए सिर्फ 25 लाख रुपये थे, जबकि उन्होंने बहुत ज्यादा पैसों का वादा किया था। फिल्म को जारी रखने के लिए उन्होंने दूसरे स्रोतों से अतिरिक्त धन जुटाया, जिससे बजट करीब 14 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, लेकिन कुछ कलाकारों और कर्मचारियों को अभी भी भुगतान नहीं मिला है, वहीं मुराल कुन्नुम्पुरथु का कहना है कि उन्हें करीब 7 करोड़ का नुकसान हुआ है। इस पूरे विवाद ने फिल्म से जुड़े लोगों के बीच के कामकाजी रिश्तों को बहुत तनावपूर्ण बना दिया है।