राहुल रॉय ने साझा किया अपना दर्दनाक अनुभव, बोले- पता नहीं था चल या बोल पाऊंगा
क्या है खबर?
बॉलीवुड फिल्म 'आशिकी' (1990) से रातों-रात मशहूर हुए राहुल रॉय ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर का याद किया। अभिनेता ने बताया कि 2020 में उन्हें ब्रेन स्ट्राेक आया था, जिसके बाद से उनकी पूरी जिंदगी बदल गई। उन्हें खुद भी नहीं पता था कि वह चल-फिर पाएंगे या नहीं। राहुल ने बताया कि अब उनकी हालत पहले से बेहतर है और वह धीरे-धीरे काम पर भी वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी आगामी परियोजना को लेकर भी जानकारी दी।
बदलाव
ब्रेन स्ट्रोक के बाद कैसी है राहुल की जिंदगी?
फ्री प्रेस जर्नल से बातचीत में, राहुल ने अपनी बीमारी पर बात करते हुए कहा, "2020 में कारगिल में शूटिंग के दौरान मुझे ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। मुझे ये तक नहीं पता था कि मैं दोबारा चल पाऊंगा या बोल पाऊंगा।"
अभिनेता ने बताया कि वह रातों-रात ठीक नहीं हुए, बल्कि उन्हें अपनी सेहत पर धीरे-धीरे काम करना पड़ा।
उन्होंने अपनी जीवन शैली में कई बदलाव किए, जिसमें धूम्रपान और मांसाहारी भोजन जैसी पुरानी आदतों को छोड़ना भी शामिल है।
जीवनशैली
अनुशासित जीवनशैली को अपना रहे अभिनेता
राहुल ने आगे कहा, "हर दिन नाश्ते के बाद मैं 8 दवाइयां लेता हूं। लेकिन अब पहले के मुकाबले चीजें काफी बेहतर हैं।"
अभिनेता ने काम पर वापसी के दौरान सहयोग देने के लिए अपने सहकर्मियों का आभार जताया। साथ ही, सह-कलाकार करणवीर बोहरा से मिले प्रोत्साहन का जिक्र किया, जिनका उनके अभिनय क्षेत्र में वापसी के पीछे विशेष योगदान रहा है।
बता दें, राहुल को कुकू टीवी की सीरीज 'सुपर बादशाह' में देखा जाएगा। इसमें करणवीर भी मौजूद हैं।