इम्तियाज अली के धोखे से टूट गए थे बॉबी देओल, बोले- बुरा तो लगता ही है
क्या है खबर?
बॉबी देओल पिछले कुछ दिनों से फिल्म 'बंदर' को लेकर चर्चा में हैं, जिसके निर्देशन की कमान अनुराग कश्यप ने संभाली है। हाल ही में बॉबी मशहूर शो 'आप की अदालत' में पहुंचे। वहां उन्होंने अपने करियर के एक ऐसे दौर को याद किया, जिसने उनके दिल को ठेस पहुंचाई थी। शो में रजत शर्मा के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बॉबी ने इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म 'जब वी मेट' को लेकर एक बड़ा खुलासा किया।
दर्द
हाथ से निकल गई थी करियर की सबसे बड़ी फिल्म
शो के दौरान अभिनेता ने खुलकर बात की कि कैसे उनके हाथ से ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जब वी मेट' में काम करने का मौका निकल गया था, जिसमें शाहिद कपूर और करीना कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं और इसका निर्देशन इम्तियाज अली ने किया था। अभिनेता ने स्वीकार किया कि वो इस फिल्म से इसके शुरुआती दिनों से ही जुड़े हुए थे, इसलिए इतने बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को हाथ से खोने पर उन्हें बहुत गहरी निराशा हुई थी।
आहत
"मुझे इम्तियाज पर पूरा भरोसा था पर मेरा दिल टूट गया"
इम्तियाज के इस फैसले से से आहत बॉबी ने कहा, "हम दोस्त हैं और मेरा दिल टूट गया था, क्योंकि मैं एक ऐसे दौर से गुजर रहा था, जब मुझे इस तरह की फिल्म की सख्त जरूरत थी। मुझे इम्तियाज पर पूरा भरोसा था। जब मैंने उनकी फिल्म 'सोचा ना था' का रफ कट देखा था तो मैं उनके काम से इतना प्रभावित हुआ कि मुझे लगा कि वो बहुत अच्छे निर्देशक हैं और हमें उनके साथ काम करना चाहिए।"
मदद
बॉबी बोले- जब स्थिति खराब हो तो कोई साथ नहीं देता
बॉबी बोले, "हम दोनों फिल्म बनाने के लिए राजी हो गए थे, लेकिन जब बाजार में आपकी स्थिति अच्छी नहीं होती तो कोई भी आपका साथ नहीं देता। वक्त बीता और जिन लोगों से मैंने संपर्क किया था,वही निर्माता, जिनसे मैंने इम्तियाज के बारे में बात की थी और तब उन्होंने कहा था कि 'इम्तियाज बहुत महंगे हैं, उसी निर्माता ने बाद में ये फिल्म बनाई। जिस अभिनेत्री ने मुझे मना किया था, वो भी इस फिल्म में आ गई।"
आपबीती
फिल्म से बाहर करने पर बहुत दुखा था बॉबी का दिल
बॉबी ने कहा, "बस मुझे फिल्म का हिस्सा नहीं बनाया, इसलिए मेरा दिल बहुत दुखा। जब ऐसी चीजें होती हैं तो वो कभी अच्छी नहीं लगतीं, लेकिन जब मैंने खुद पर काम करना शुरू किया। मैं गुस्से और बाकी सभी तरह की भावनाओं से गुजरा, लेकिन आपको इन चीजों को अपनी ताकत बनाना पड़ता है, क्योंकि आप हमेशा इसके लिए रोते नहीं रह सकते। ये सब मेरे लिए बड़ी सीख थी और मैंने इन चीजों से बहुत कुछ सीखा है।"
फिल्म
'जब वी मेट' ने किया था कमाल
बता दें कि 'जब वी मेट' अक्टूबर 2007 में रिलीज हुई थी, जिसमें करीना कपूर और शाहिद कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। ये इम्तियाज की दूसरी फिल्म थी, जो साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में से एक बनी। समय के साथ इस फिल्म ने बॉलीवुड में एक सदाबहार रोमांटिक कल्ट क्लासिक फिल्म का दर्जा हासिल किया था और इसी के साथ शाहिद-करीना की जोड़ी भी सुपर-डुपरहिट हो गई थी।