अरिजीत सिंह-आमिर खान की एंट्री पर बवाल, बिना इजाजत कॉलेज घुसने पर फूटा प्रिंसिपल का गुस्सा
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के एक कॉलेज में आमिर खान और अरिजीत सिंह के अचानक पहुंचने पर बवाल हो गया है। कॉलेज के प्रिंसिपल ने आरोप लगाया है कि दोनों सितारे बिना किसी अनुमति या सूचना के कैंपस के अंदर चले आए। प्रिंसिपल ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि बड़ा स्टार होने का मतलब ये नहीं कि आप नियमों को न मानें। हालांकि, बाद में विवाद बढ़ता देख उन्होंने अपना पोस्ट डिलीट कर दिया।
एंट्री
आधी रात कॉलेज में घुसे आमिर और अरिजीत
आमिर और अरिजीत पर आरोप लगा है कि वे 4 फरवरी 2026 की देर रात पश्चिम बंगाल के जियागंज स्थित एक सरकारी कॉलेज (रानी धन्या कुमारी कॉलेज) में बिना किसी अनुमति के दाखिल हुए। प्रिंसिपल अजय अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि रात करीब 1 बजकर 5 मिनट में आमिर और अरिजीत अपने कुछ साथियों के साथ कॉलेज परिसर में आए। वे वहां करीब 1 घंटे से ज्यादा समय तक रुके और उन्होंने वहां शूटिंग भी की।
नाराजगी
"स्टार होने का मतलब नियम तोड़ना नहीं"
नाराज प्रिंसिपल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि मशहूर होने का मतलब ये नहीं कि आप नियमों को दरकिनार कर दें। हालांकि, बाद में उन्होंने ये कहते हुए वीडियो डिलीट कर दिए कि उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया। बता दें कि अरिजीत ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया था, जिसके बाद आमिर उनसे मिलने उनके गांव जियागंज पहुंचे थे। ये घटना इसी दौरान की बताई जा रही है।