दिल्ली में प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय का पेपर लीक, 2 परीक्षाएं रद्द
क्या है खबर?
दिल्ली में NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड के वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय का पेपर लीक हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पेपर लीक की शिकायत के बाद चल रही सेमेस्टर की 2 परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। मामले में एक सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सेवा से बर्खास्त किया गया है, जबकि मामले में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
देहरादून स्थित विश्वविद्यलाय के परीक्षा नियंत्रक डॉ वीके पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय को मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स परीक्षा के संबंध में एक शिकायत प्राप्त हुई थी।
छात्रों तक परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र व्हाट्सएप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पहुंचा गया। साथ ही, 'इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी' विषय की गोपनीयता भी भंग हुई।
इसके बाद प्रशासन ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। परीक्षा रद्द होने से विश्वविद्यालय से संबद्ध 12 संस्थानों के छात्र प्रभावित हुए हैं।
जांच
अगस्त में होगी परीक्षा
प्रोफेसर गुप्ता शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में तैनात थे। प्रश्न पत्र इसी कॉलेज से लीक हुए हैं। दोनों विषयों की परीक्षा अगस्त के तीसरे सप्ताह में होगी।
विश्वविद्यालय से बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, तुलाज इंस्टीट्यूट, बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की इंस्टीट्यूट, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून जयराम भाई पटेल इंस्टीट्यूट, देहरादून माया इंस्टीट्यूट, देहरादून बाबा फरीद इंस्टीट्यूट, देहरादून टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, टिहरी नन्हीं परी सीमांत इंजीनियरिंग संस्थान, पिथौरागढ़ वूमेंस इंस्टीट्यूट, देहरादून इंस्टीट्यूट संबद्ध हैं।