Page Loader
SSC: दिल्ली पुलिस और CAPF भर्ती परीक्षा की तारीखें घोषित, ऐसे डाउनलोड करें पूरा कार्यक्रम
SSC की तरफ से CPO भर्ती परीक्षा का आयोजन 9 से 11 नवंबर तक किया जाएगा

SSC: दिल्ली पुलिस और CAPF भर्ती परीक्षा की तारीखें घोषित, ऐसे डाउनलोड करें पूरा कार्यक्रम

लेखन तौसीफ
Sep 04, 2022
05:46 pm

क्या है खबर?

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की सेंट्रल पुलिस ऑर्गेनाइजेशन (CPO) भर्ती के लिए आवेदन कर चुके उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी खबर है। SSC ने दिल्ली पुलिस और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) में होने वाली भर्ती के लिए परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी हैं। इस परीक्षा का आयोजन 9 से 11 नवंबर तक किया जाएगा। CPO भर्ती का परीक्षा कार्यक्रम देखने के लिए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

भर्ती

किस संगठन में कितनी भर्ती होंगी?

इस भर्ती के माध्यम से दिल्ली पुलिस और CAPF में 4,300 पदों को भरा जाएगा। दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर के 340 पदों पर भर्ती होगी जिसमें पुरुषों के लिए 228 तो महिलाओं के 112 पद हैं। वहीं CAPF सब इंस्पेक्टर के 3,960 पदों में से BSF के लिए 353, CISF के लिए 86, CRPF के लिए 3,112, ITBP के लिए 191 और SSB के लिए 218 पद हैं।

चयन

CPO भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया क्या रहेगी?

9 से 11 नवंबर तक इस भर्ती के पहले चरण यानी पेपर 1 का आयोजन किया जाएगा। इसमें वैकल्पिक प्रकार के प्रश्न होंगे। इसमें जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल नॉलेज एंड जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। चारों खंडों से 50-50 प्रश्न पूछे जाएंगे और एक प्रश्न एक अंक का होगा यानी सभी खंड 50 अंक के होंगे। गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग होगी और इसके लिए उम्मीदवार के 0.25 अंक काटे जाएंगे।

पेपर 2

पेपर 1 के बाद होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा और पेपर 2

SSC के नोटिफिकेशन के अनुसार, CPO भर्ती का पेपर 1 पास करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता और शारीरिक मानक परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद पेपर 2 का आयोजन किया जाएगा जिसमें अंग्रेजी भाषा और कॉम्प्रिहेंशन की परीक्षा होगी। दोनों पेपर पास करने वाले उम्मीदवारों की उनके अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी और फिर मेडिकल टेस्ट के बाद अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे।

डाउनलोड

परीक्षा कार्यक्रम कैसे डाउनलोड करें?

CPO भर्ती का परीक्षा कार्यक्रम डाउनलोड करने के लिए सबसे SSC की आधिकारिक वेबसाइट www.ssc.nic.in पर जाएं। इसके बाद वेबसाइट के होम पेज पर जाकर 'Latest News' सेक्शन पर क्लिक करें। अब 'Important Notice: Schedule of Examinations' के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद इस भर्ती के सामने दिख रहे लिंक पर क्लिक करें, अब पूरे परीक्षा कार्यक्रम का PDF खुल जाएग।. इसमें उम्मीदवार अपने पद के अनुसार परीक्षा की तारीख देख सकते हैं।

परीक्षा कार्यक्रम

अन्य भर्तियों के परीक्षा कार्यक्रम भी हुए जारी

बता दें कि SSC ने CPO भर्ती के अलावा कई अन्य भर्तियों के परीक्षा कार्यक्रम भी जारी किए हैं। जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर भर्ती परीक्षा की तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं और इस परीक्षा का आयोजन 1 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके अलावा SSC जूनियर इंजीनियर (JE) भर्ती परीक्षा का आयोजन 14 से 16 नवंबर और SSC स्टेनोग्राफर भर्ती परीक्षा का आयोजन 17 से 18 नवंबर तक किया जाएगा।