NTA ने किया NEET-UG 2026 नई तारीख का ऐलान, अब 21 जून को होगी परीक्षा
क्या है खबर?
पेपर लीक होने के बाद राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के लिए नई तारीखों की घोषणा कर दी है। NTA ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब नए सिरे से परीक्षा रविवार 21 जून को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। NTA ने NEET से जुड़ी समस्त जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों पर विश्वास करने को कहा। उसने neet-ug@nta.ac.in और हेल्पलाइन 011-40759000 और 011-69227700 जारी की है।
ट्विटर पोस्ट
NTA का ऐलान
📢 NEET (UG) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा
— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 15, 2026
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET (UG) 2026 की पुनः-परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।
परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।…
परीक्षा
क्यों रद्द की गई थी परीक्षा?
NEET-UG परीक्षा 3 मई को 22 लाख से अधिक छात्रों के लिए आयोजित हुई थी। इसके बाद पता चला कि राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह ने परीक्षा से पहले पेपर लीक होने के आरोपों की जांच की। इस दौरान जांचकर्ताओं को एक हस्तलिखित 'अनुमान पत्र' मिला, जिसमें 140 प्रश्न वास्तविक परीक्षा प्रश्न-पत्र से मेल खाते थे, जो 720 में 600 अंकों के लिए थे। इसके बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर जांच CBI को सौंप दी।
राहत
परीक्षार्थियों को नहीं देना होगा कोई शुल्क
मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के लिए होने वाली NEET की पुन:परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। परीक्षा के लिए NTA छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लेगा और मौजूदा पंजीकरण डेटा और परीक्षा केंद्र यथावत रहेंगे। छात्रों द्वारा पहले से भुगतान की गई फीस वापस कर दी जाएगी। जल्द ही नए सिरे से प्रवेश-पत्र का वितरण शुरू होगा और छात्रों को सूचित किया जाएगा। दोबारा होने वाली परीक्षा NTA अपने संसाधनों से कराएगा।
गिरफ्तारी
CBI ने अब तक 7 को गिरफ्तार किया
पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को महाराष्ट्र के पुणे से महिला मनीषा वाघमरे और लातूर से दयानंद सागर कॉलेज के सेवानिवृत्त रसायन प्रोफेसर को हिरासत में लिया है। वाघमरे ब्यूटी पॉर्लर चलाती हैं, जो बिचौलिया थीं। प्रोफेसर पर प्रश्न-पत्र को मराठी में अनुवाद करने का आरोप है। CBI पेपर लीक में उच्च-सुरक्षा वाली चेन ऑफ कस्टडी के व्यक्ति की भूमिका भी तलाश रही है।