NEET पुनर्परीक्षा 21 जून को, प्रश्न पत्र तैयार करने वाले संस्थान और विशेषज्ञ 'लॉकडाउन' में
क्या है खबर?
मई में पेपर लीक के बाद राष्ट्रीय पात्रता-सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को है, जिसको लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, NEET पुनर्परीक्षा के प्रश्न पत्र को तैयार करने, उसका संचालन करने और अनुवाद करने में शामिल सभी विशेषज्ञों को एक सुरक्षित और अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। सभी विशेषज्ञ 21 जून को परीक्षा समाप्त होने तक सख्त लॉकडाउन में रहेंगे।
सुरक्षा
विशेषज्ञों को बाहरी संचार से अलग किया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, NEET की पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र तैयार करने में शामिल विशेषज्ञों को अभूतपूर्व सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत फोन, लैपटॉप, इंटरनेट और लगभग सभी बाहरी संचार से अलग कर दिया गया है। तैयारियों से परिचित अधिकारियों ने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाले, परीक्षक, अनुवादक और प्रश्नपत्र निर्माण के गोपनीय चरणों से जुड़े अन्य कर्मी निगरानी में एक सुरक्षित सुविधा केंद्र में रह रहे हैं।
निगरानी
स्मार्टवॉच और डिजिटल उपकरणों पर प्रतिबंध
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवेश और निकास की निगरानी और रिकॉर्ड रखा जा रहा है, और केवल अधिकृत कर्मियों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति है। उन्होंने बताया कि स्मार्टवॉच सहित डिजिटल उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित है। बताया जा रहा है कि यह लॉकडाउन शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से सुरक्षा की पहला स्तर है। कई अन्य तैयारियां भी की गई हैं, जिसमें प्रश्न पत्रों को वायुसेना के जरिए परीक्षा केंद्रों तक भेजना शामिल है।
जानकारी
551 शहरों में होगी परीक्षा
NEET की पुनर्परीक्षा 21 जून को भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में दोपहर 2 बजे से शाम सवा 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा पेपर और पेन के जरिए होगी। इसमें 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।