LOADING...
UPSC CSE 2019: मिस इंडिया फाइनलिस्ट रह चुकीं ऐश्वर्या ने पास की सिविल सेवा परीक्षा

UPSC CSE 2019: मिस इंडिया फाइनलिस्ट रह चुकीं ऐश्वर्या ने पास की सिविल सेवा परीक्षा

Aug 05, 2020
06:31 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा 4 अगस्त को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2019 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इसमें कई उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। वहीं एक ऐसी लड़की ने परीक्षा पास कर अपनी सफलता के झंडे गाड़े हैं, जो मिस इंडिया प्रतियोगिता की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। साल 2016 में मिस इंडिया की फाइनलिस्ट रही ऐश्वर्या श्योराण ने 2019 में CSE 2019 में 93वीं रैंक हासिल की है।

ऐश्वर्या श्योराण

कई खिताब कर चुकीं अपने नाम

मिस इंडिया की फाइनलिस्ट और टॉप मॉडल रह चुकीं ऐश्वर्या इस समय सोशल मीडिया पर छाई हुईं हैं। देश के कोने-कोने से लोग उनकी सफलता के लिए उन्हें बधाईयां दे रहे हैं। ऐश्वर्या सिर्फ फेमिना मिस इंडिया फाइनलिस्ट ही नहीं बल्कि कैंपस प्रिंसेस दिल्ली 2016 और फ्रेश फेस विनर दिल्ली 2014 का खिताब भी जीत चुकी हैं। अब उनके खाते में एक अन्य सफलता जुड़ गई है। उन्होंने साबित कर दिखाया है मेहनत से इंसान कुछ भी पा सकता है।

शिक्षा

SRCC से की ग्रेजुएशन

वैसे तो ऐश्वर्या का परिवार राजस्थान के चुबकियाताल गांव से आता है, लेकिन अब दिल्ली में रहता है। उनका पालन-पोषण के साथ-साथ स्कूली शिक्षा से लेकर कॉलेज की शिक्षा तक सब दिल्ली में हुई है। उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से की है। ऐश्वर्या का कहना है कि उनकी मां ने उनका नाम बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के नाम पर रखा था।

Advertisement

बयान

मां चाहती थी कि ऐश्वर्या बनें मिस इंडिया

ऐश्वर्या ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में बताया कि उनका मां चाहती थी कि वे मिस इंडिया बनें। इसलिए उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और टॉप 21 में आईं। मॉडलिंग में उन्होंने दिल्ली टाइम्स फ्रेश फेस 2014 के जरिए कदम रखा। इसके बाद ही उनके लिए कई रास्ते खुलते चले गए और वे आगे बढ़ती गईं। उन्होंने बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक, लैक्मे फैशन वीक, अमेजन फैशन वीक में भी हिस्सा लिया।

Advertisement

बयान

सिविल सेवा में जाना था सपना- ऐश्वर्या

सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर ऐश्वर्या ने कहा कि उन्होंने मनीष मल्होत्रा जैसे नामी डिजाइनर्स तक के साथ काम किया हुआ है, लेकिन सिविल सेवा में जाने के बारे में सोचना उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा बदलाव था। उन्होंने सोचा कि वह पढ़ाई में अच्छी रही हैं तो क्यों न एक-दो साल का ब्रेक लेकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए क्योंकि यह हमेशा से उनका सपना था।

भारतीय सेना

भारतीय सेना में जाने का भी आया ख्याल

ऐश्वर्या के पिता का नाम कर्नल अजय कुमार है, जो करीमनगर में NCC तेलंगाना बटालियन के कमांडिंग अधिकारी हैं। इस वजह से कई बार उनके मन में भारतीय सेना में जाने का ख्याल आया, लेकिन फिर उन्होंने सोचा कि उन्हें सिविल सेवा में जाना चाहिए था। इससे परिवार में विविधता आएगी। सेना में महिलाओं के लिए कम ही अवसर हैं। वहीं सिविल सेवा में महिलाओं के लिए कई सारे अवसर हैं। इसलिए उन्होंने यह चुना।

तैयारी

बिना कोचिंग पहले प्रयास में पास की परीक्षा

ऐश्वर्या ने अपने पहले ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा पास कर यह साबित कर दिखाया कि वे पढ़ाई में भी उतनी ही अच्छी जितनी कि मॉडलिंग में। इसके लिए उन्होंने कोई कोचिंग या किसी भी प्रकार की कोई एक्सट्रा क्लास नहीं ली थी। घर पर ही खुद पढ़ाई कर उन्होंने परीक्षा पास की है। उन्होंने बताया कि वे पढ़ाई करते समय फोन बंद कर देती थी और सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी।

रिजल्ट

UPSC CSE 2019 में प्रदीप ने किया टॉप

बता दें कि देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में एक CSE में सोनीपत के एक छोटे से गांव तेवड़ी के निवासी प्रदीप सिंह ने टॉप किया है। वहीं जतिन किशोर ने दूसरे, प्रतिभा वर्मा तीसरे, हिमांशु जैन चौथे, जयदेव सीएस 5वें, विशाखा यादव 6वें, गणेश कुमार बैसकर 7वें, अभिषेक सराफ के 8वें, रावी जैन के 9वें और संजीत मोहपात्रा 10वें स्थान पर हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

Advertisement