IIT बॉम्बे ने छात्र आत्महत्या विवाद के बाद मध्य-सेमेस्टर परीक्षा रद्द की, अब अक्टूबर में होगी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे ने छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद शुरू हुए विवाद को देखते हुए अपनी मध्य-सेमेस्टर की परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 26 और 27 सितंबर को होने वाली थी, जो अब आगे बढ़ा दी गई। परीक्षा की नई तारीख 10 और 11 अक्टूबर घोषित की गई है। संस्थान ने एक नोटिस में कहा कि छात्र हितधारकों से परामर्श करने के बाद यह अंतिम निर्णय लिया गया है।
परीक्षा
संस्थान ने बताया, क्यों आगे बढ़ाई परीक्षा तिथि?
संस्थान ने कहा कि परीक्षा स्थगित करने से छात्रों के समान प्रतिनिधित्व वाली नवगठित समिति को पर्यवेक्षकों के लिए स्पष्ट, छात्र-हितैषी मानक संचालन प्रक्रिया (SoP) तैयार करने का समय मिलेगा।
साथ ही, शैक्षणिक कदाचार से संबंधित मामलों में नियमों को संशोधित किया जा सकेगा। संकाय सदस्यों ने भी प्रत्येक चरण के लिए प्रक्रियाओं की रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया है।
संस्थान ने कहा कि उसका उद्देश्य छात्रों की चिंताओं को ध्यान में रखकर परीक्षाओं का निष्पक्ष-सुसंगत संचालन करना है।
विवाद
क्या है छात्र की आत्महत्या का मामला?
साहिल ने 17 अक्टूबर को छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बाद में पता चला कि मध्य-सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान साहिल नकल करते पकड़े गए थे, वो फोन से ChatGPT के जरिए जवाब पूछ रहे थे।
मामले में साहिल के माता-पिता ने परीक्षा निरीक्षक प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला पर जातिवाद के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया।
दुल्ला को प्रशासनिक डीन पद से हटा दिया गया है। मामले में अपराध शाखा जांच कर रही है।