IBPS SO प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित, 30 और 31 दिसंबर को आयोजित हुई थी परीक्षा
क्या है खबर?
बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने आज (16 जनवरी) को विशेषज्ञ अधिकारी (SO) पद के लिए आयोजित हुई प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।
इस परीक्षा में जिन उम्मीदवारों ने भाग लिया था, वे आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
इस परीक्षा का आयोजन 30 और 31 दिसंबर, 2023 को किया गया था। इसके बाद से उम्मीदवार परिणामों का इंतजार कर रहे थे। आज उनका इंतजार खत्म हो गया है।
प्रक्रिया
क्या है आगे की प्रक्रिया?
प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवार IBPS SO मुख्य परीक्षा में भाग ले सकेंगे। इसका आयोजन 28 जनवरी को किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा में जो लोग सफल होंगे, वे इंटरव्यू के चरण में शामिल हो सकेंगे।
परीक्षार्थियों का अंतिम परिणाम मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा में प्राप्त अंक अंतिम मेरिट सूची में नहीं जोड़े जाएंगे। ऐसे में प्रारंभिक परीक्षा का चरण केवल क्वालीफाइंग प्रकृति का है।
मुख्य
क्या है मुख्य परीक्षा का पैटर्न?
विधि अधिकारी, राज्य भाषा अधिकारी, IT अधिकारी, कृषि क्षेत्र अधिकारी, मार्केटिंग अधिकारी, कार्मिक अधिकारी के लिए मुख्य परीक्षा का पैटर्न अलग-अलग है।
अधिकांश पदों के लिए मुख्य परीक्षा में संबंधित विषय के व्यावसायिक ज्ञान, रीजनिंग, कंप्यूटर, सामान्य जागरुकता, डेटा व्याख्या से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं।
मुख्य परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर नकारात्मक अंकन का भी प्रावधान है।
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से मुख्य परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम देख सकते हैं।
परिणाम
कैसे देखें परिणाम?
परिणाम देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां IBPS SO प्रीलिम्स रिजल्ट की लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद पंजीकरण संख्या, रोल नंबर, जन्म तारीख (DOB) जैसी जानकारी दर्ज करें। सब्मिट बटन पर क्लिक करते ही परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।
उत्तीर्ण हुए उम्मीदवार परिणाम की प्रति का प्रिंटआउट जरूर निकालें।
बता दें कि मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
पद
कितने पदों पर होगी भर्ती?
इस परीक्षा के जरिए कुल 1,402 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें SO, राजभाषा अधिकारी, लॉ अधिकारी, मार्केटिंग अधिकारी, IT अधिकारी, एग्रीकल्चर अधिकारी और HR अधिकारी के पद शामिल हैं।
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त, 2023 से शुरू हुई थी और 21 अगस्त को समाप्त हो गई थी।
इस अभियान के तहत बैंक ऑफ बडौदा, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल जैसे बैंकों में रिक्त पद भरे जाएंगे।